
यूपी में बड़ा हादसा: चंद्रप्रभा नदी में नाव पलटी, सेल्फी ले रहे तीन किशोर डूबे, तीन तैरकर बाहर आए
चंदौली में सोमवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। सेल्फी लेते समय एक नावचंद्रप्रभा नदी में पलट गई। नाव पर सवार छह किशोर सेल्फी ले रहे थे। जिसमें से तीन डूब गए जबकि तीन तैरकर बाहर आ गए।
यूपी के चंदौली में सोमवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक डवरी कला गांव के सामने चंद्रप्रभा नदी में नाव पलटने से तीन किशोर डूब गए। जबकि तीन लोग किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणों और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। घाट किनारे अफरा तफरी मच गई। सूचना पर डीएम और एसपी मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली।

कोदोचक डवरी कला गांव निवासी कैलाश राम का 13 वर्षीय पुत्र पीयूष, श्याम चरण का 13 वर्षीय पुत्र यश और कैलाश का 12 वर्षीय पुत्र अरुण घाट किनारे छठ पूजा देखने गए थे। इनके साथ गांव केशव शर्मा, बबलू और अनिल भी थे। वहां घाट किनारे मछली मारने के लिए नाव थी। सभी छह लोग नाव पर सवार होकर बीच धारा में चले गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किशोर और युवक सेल्फी लेने लगे। तभी नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव नदी में पलट गई। जिसमें जिसमें ये तीनों किशोर यश (16 वर्ष), पीयूष (13 वर्ष) और अरुण (13 वर्ष) डूब गए।
वहीं बाकी अन्य तीन लोग किसी तरह तैरकर जान बचाई। घाट किनारे पूजा कर रही व्रती महिलाएं और श्रद्धालु नाव पलटते देखकर शोर मचाने लगे। इसकी जानकारी होते ही मौके पर डीएम, एसपी, एसडीएम और पुलिस पहुंच गई। एनडीआरएफ ने देर रात डूबे किशोरों की तलाश शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि डूबने वाले युवक छठ पूजा से संबंधित नहीं थे, बल्कि वे दूसरे स्थान से नौका विहार करते हुए यहां पहुंचे थे।





