ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीमहिला ने दो मासूम बच्चों को बना दिया आरोपी

महिला ने दो मासूम बच्चों को बना दिया आरोपी

पारिवारिक बंटवारे के दौरान हुए विवाद में एक महिला ने अपने ही सगे देवर के दो मासूम पुत्रों को भी आरोपी बना दिया। देर रात थाने पहुंची महिला ने शिकायत की तो पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन...

महिला ने दो मासूम बच्चों को बना दिया आरोपी
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीSat, 26 Sep 2020 11:34 PM
ऐप पर पढ़ें

पारिवारिक बंटवारे के दौरान हुए विवाद में एक महिला ने अपने ही सगे देवर के दो मासूम पुत्रों को भी आरोपी बना दिया। देर रात थाने पहुंची महिला ने शिकायत की तो पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन बाद में पता चला कि आरोपी दो मासूम ही बना दिए हैं तो किशनी पुलिस ने दोनों के नाम मुकदमे से हटा दिए हैं।

किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम बसैत में एक महिला रीतू ने घरेलू विवाद को लेकर अपने देवर मोनू, देवरानी संगीता और उनके दो पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 336, 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने जांच शुरू कराई तो पता चला कि महिला ने तहरीर में देवर के दो छोटे पुत्रों को नामजद कर दिया था, जिनमें से एक की उम्र 4 साल और एक की 6 साल थी। थाना प्रभारी के ये संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और दोनों बच्चों के नाम मुकदमे से निकाल दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर में चारों नामजदों की उम्र नहीं लिखी थी। देर रात महिला आयी थी इसलिए तत्काल मामला दर्ज करा दिया गया। बच्चों के नाम हटा दिए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा महिला की बच्चों को आरोपी बनाए जाने पर निंदा की जा रही है। वहीं बच्चों के नाम निकाले जाने पर पुलिस की सराहना हो रही है।

महिला की तहरीर पर किशनी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन दो बच्चों की नामजदगी का तथ्य सामने आया तो उनका नाम मुकदमे से निकाल दिया गया है। शेष आरोपियों की जांच चल रही है।

अजय कुमार पांडेय, एसपी, मैनपुरी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें