Mainpuri News: कृपालपुर में ट्रांसफार्मर बदला तो लोगों को मिली राहत
Mainpuri News: कृपालपुर गांव के ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिली है। पिछले चार दिनों से बिजली कटने के बाद, बिजली विभाग ने आकाशीय बिजली से फुंके ट्रांसफार्मर के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाया। इससे गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Mainpuri News: ब्लॉक क्षेत्र के गांव कृपालपुर में पिछले चार दिनों से अंधेरे में डूबने को मजबूर ग्रामीणों की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। आकाशीय बिजली गिरने से फुंके ट्रांसफार्मर की खबर हिन्दुस्तान में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग हरकत में आया और गांव में नया ट्रांसफार्मर रखवा दिया गया है। ट्रांसफार्मर लगते ही बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी थी। भीषण गर्मी और उमस के बीच लाइट, पंखे व फ्रिज ठप होने से लोग बेहाल हो गए।
वहीं बरसात के मौसम में रास्तों पर जहरीले कीड़े-मकोड़ों और सर्पदंश के खतरे के बीच अंधेरे में लोगों का निकलना दूभर हो गया। विभागीय उपेक्षा से नाराज होकर पुनीत, दिव्यांश, आर्यन, हरनारायण, प्रेमचंद, बालेश्वर, देव सिंह, महेंद्र सिंह, करण सिंह, आलोक सिंह और अमित सिंह समेत कई ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। उपखंड चौराईपुर के अवर अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की मरम्मत न हो पाने के कारण नए ट्रांसफार्मर के लिए भेजी गई रिक्वेस्ट मंजूर होते ही नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर तुरंत लगवा दिया गया है। बिजली शुरू होने पर ग्रामीणों ने हिन्दुस्तान को धन्यवाद दिया।


