मंगल हुआ अमंगल, सड़क हादसों में साले-बहनोई सहित चार की मौत
शादी के मौसम में मंगलवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। बेवर थाना क्षेत्र में बाइक सवार साले-बहनोई को ईको कार ने रौंद दिया। किशनी क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में एक अधेड़ की मौत हो गई। तीसरी घटना में डीसीएम-ट्रैक्टर की टक्कर में एक युवक की जान गई।

सहालग का समय है। कोई बरात में जा रहा है तो कोई लड़की की शादी में जा रहा है तो कोई शादी के कार्ड बांट रहा है। रात और दिन में सड़कों पर वाहनों की आवागमन बढ़ा हुआ है। मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। बेवर थाना क्षेत्र में बरात से लौट रहे बाइक सवार साले-बहनोई को ईको कार ने रौंद दिया। वहीं किशनी थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में एक अधेड़ ने दम तोड़ दिया। इस घटना में बहन की विदाई कर लौट रहे बाइक सवार दो युवक सहित तीन घायल हो गए।
तीसरी घटना में डीसीएम-ट्रैक्टर की भिड़ंत में डीसीएम पर बैठकर जा रहे युवक ने दम तोड़ दिया। एक साथ हुई इन घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। शादी वाले घरों में मातम पसर गया। संबंधित थानों की पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम कराए हैं। बरात से लौट रहे बाइक सवार साले-बहनोई को ईको कार ने रौंदा बेवर। थाना क्षेत्र के बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर काली नदी पुल के निकट बाइक और ईको की भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार साले बहनोई की मौत हो गई। थाना किशनी क्षेत्र के कस्बा कुसमरा के मोहल्ला प्रेम नगर निवासी 23 वर्षीय राजू पुत्र सतीश कश्यप अपने बहनोई थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम ऊंचा इस्लामाबाद निवासी 22 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र साहिब सिंह संग जनपद फर्रुखाबाद थाना मोहम्मदाबाद के नगला बाग बरात करके बाइक से लौट रहे थे। मंगलवार क तड़के सुबह चार बजे बेवर क्षेत्र के काली नदी पुल के निकट ईको कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक राजू अपनी मां-बाप का इकलौता पुत्र था। राजू गन्ना बेचने का कार्य करता था, उसके एक बच्ची है वहीं मृतक विपिन के दो बेटियां हैं। विपिन गाजियाबाद में पंखा बनाने की फैक्ट्री में कार्य करता था। ये दोनों ही बाइक सवार थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम दरबा से गई हुई बरात में शामिल होकर लौट रहे थे। बाइकों की भिड़ंत में अधेड़ की मौत, तीन घायल कुसमरा। बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम आनंदपुर निवासी 55 वर्षीय आदेश अवस्थी उर्फ दरोगा पुत्र भारतराम अवस्थी बाइक से अपने साथी 65 वर्षीय भानुप्रताप उर्फ फिल्मी निवासी टोडरपुर बेवर के साथ जा रहे थे। मंगलवार को दोपहर ढाई बजे के लगभग किशनी थाना क्षेत्र में किशनी-कुसमरा मार्ग पर उजागरपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। तभी वहां से गुजर रही डीसीएम की चपेट में आने से आदेश अवस्थी की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार 35 वर्षीय अंशुल पुत्र धीरेश, 38 वर्षीय संजीव उर्फ खलीफा पुत्र बादशाह निवासी गिरधपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। अंशुल के घर सोमवार को ही बहन की बरात आई थी। मंगलवार को बहन की विदाई के बाद वह किसी काम से कुसमरा गया था। लेकिन रास्ते में ही इस हादसे का शिकार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को किशनी सीएचसी भिजवाया। जहां से तीनों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतक आदेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डीसीएम-ट्रैक्टर की भिड़ंत में युवक की मौत मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रघुराजपुरी निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पुत्र ओमप्रकाश श्रीवास्तव सोमवार की रात लगभग 11 बजे पर डीसीएम पर बैठकर जा रहा था। तभी दन्नाहार थाना क्षेत्र के कीरतपुर चौकी के निकट ट्रैक्टर से हुई भिड़ंत में अभिषेक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने डीसीएम के मालिक पर ये घटना कराने का आरोप लगाया। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि डीसीएम चालक नाबालिग था और डीसीएम को दो वर्ष से चला रहा था।


