गड्ढे में भरे पानी में डूबकर एक वर्षीय बच्ची की मौत
Mainpuri News - दन्नाहार थाना क्षेत्र के देवामई में एक मजदूर की एक वर्षीय बेटी दिव्यांशी की पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना मजदूर संतोष कुमार के परिवार के लिए दुखदाई है। इलाके में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।

दन्नाहार थाना क्षेत्र के देवामई के पास एक ब्रिक्स (ईंट निर्माण) पर काम करने वाले मजदूर की मासूम बेटी की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों को जानकारी हुई तो वह बेटी को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव गांव ले गए। दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम देवामई गोविंद ब्रिक्स वर्क्स पर संतोष कुमार अपने परिवार के साथ बिहार से काम करने आए हुए हैं। संतोष मंगलवार की शाम 6.30 बजे के लगभग अन्य परिजनों के साथ काम में व्यस्त था।
तभी उसकी एक वर्षीय पुत्री दिव्यांशी खेलते-खेलते पास में ही पानी से भरे एक गड्ढे के पास पहुंच गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। जब काफी समय तक दिव्यांशी परिजनों को दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश की गई। पानी के गड्ढे में तलाश किया तो दिव्यांशी उसमें पड़ी थी। आनन-फानन में परिजन दिव्यांशी को लेकर जिला अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। इमरजेंसी में डा. ललित यादव ने बच्ची की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मजदूर संतोष का कहना था कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। काम की तलाश में वह बिहार से मैनपुरी आया था।पहले भी हुई हैं इस तरह की घटनाएंजनपद में बच्ची की पानी में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। रठेरा में भगौने में गिरकर एक बच्चे की मौत हुई थी। इसी गांव में एक बच्चा नाली में डूबकर मर गया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राधानगर में पानी से भरी बाल्टी में एक डेढ़ वर्षीय बच्ची की दो वर्ष पहले जान चली गई। डेढ़ वर्ष पहले शहर के गोला बाजार निवासी एक वर्षीय बच्चे की टब में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। इसके अलावा कोसमा में शौचालय टैंक में गिरकर एक बच्चे की मौत हो चुकी है। जिले में ऐसी कई घटनाएं हुई, लेकिन लोग इन घटनाओं से सबक नहीं लेते। जिससे इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


