ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीव्यापारी को अगवा करने वाले का शव फांसी पर लटका मिला

व्यापारी को अगवा करने वाले का शव फांसी पर लटका मिला

नवीगंज से व्यापारी को अगवा करने के आरोपी का शव घर के कमरे में लटकता मिला। मुकदमा दर्ज होने के महज 8 घंटे बाद उसकी मौत की खबर आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में...

व्यापारी को अगवा करने वाले का शव फांसी पर लटका मिला
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीSun, 16 Dec 2018 11:41 PM
ऐप पर पढ़ें

नवीगंज से व्यापारी को अगवा करने के आरोपी का शव घर के कमरे में लटकता मिला। मुकदमा दर्ज होने के महज 8 घंटे बाद उसकी मौत की खबर आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर लापता व्यापारी का रविवार को भी कोई पता नहीं चल सका। एक आरोपी की मौत से रहस्य और गहरा गया है। पुलिस इस मामले के दूसरे आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।

12 दिसंबर को कस्बा नवीगंज निवासी खाद व्यापारी लालाराम सक्सेना लापता हो गए। वे अपने घर से 12 दिसंबर की रात तगादा कहने की बात कहकर निकले थे। शनिवार को कोई पता न चलने पर कस्बे के लोगों ने बाजार बंद किया और पुलिस चौकी का घेराव किया। व्यापारी की पत्नी माया देवी की तहरीर पर शनिवार को दोपहर बाद बेवर पुलिस ने बबलू निवासी तिलियानी तथा गौरव उर्फ रिषी पुत्र अहिबरन सिंह जाटव निवासी दिवरनिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दोनों पर दो अन्य अज्ञात साथियों की मदद से व्यापारी को अगवा करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने रिषी की गिरफ्तारी के लिए शनिवार को दबिश भी दी थी लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका।

रिषी की मौत ने खड़े किए कई सवाल

नवीगंज। रविवार को तड़के रिषी का शव घर के कमरे में लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने पंखे पर लटके शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के भाई अजय ने पुलिस को शव लटके होने की जानकारी दी और मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की जानकारी दी। रिषी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस आत्महत्या किए जाने की बात कह रही है। लेकिन व्यापारी का कोई पता नहीं चला है। इसलिए चर्चा है कि अपहृताओं ने रिषी को भी सबूत मिटाने के लिए मार दिया।

व्यापारी का पता न चलने से कस्बे में भय का माहौल

नवीगंज। उधर रविवार को भी पुलिस अगवा व्यापारी की तलाश में जुटी रही। हालांकि चर्चा ये भी आयी है कि पुलिस ने दूसरे आरोपी बबलू को भी गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। लेकिन पुलिस बबलू की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रही। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के लिए कुछ लोग हिरासत में तो लिए हैं जिनसे पूछताछ की जा रही है। व्यापारी का कोई पता न चलने से कस्बे में भय फैला है। वहीं परिवारीजन भी बुरी तरह परेशान हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें