Mainpuri News: 25 दिन से प्रिंटर खराब, हाथ से पर्चे बना रहे अस्पताल कर्मी
Mainpuri News: महाराजा तेजसिंह जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं तकनीकी खामियों के कारण प्रभावित हो रही हैं। मरीजों को ऑनलाइन पर्चा प्रणाली बंद होने के चलते कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुरुष पर्चा काउंटर का प्रिंटर पिछले एक महीने से खराब है, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं। अस्पताल प्रशासन जल्द नई सुविधा की व्यवस्था करने का आश्वासन दे रहा है।

Mainpuri News: महाराजा तेजसिंह जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं इन दिनों तकनीकी खामियों की भेंट चढ़ती नजर आ रही हैं। अस्पताल में ऑनलाइन पर्चा प्रणाली ठप होने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुरुष पर्चा काउंटर पर पिछले करीब एक महीने से प्रिंटर खराब पड़ा है, जिसके चलते ओपीडी में आने वाले मरीजों को हाथ से लिखकर पर्चे थमाए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए तीन पर्चा काउंटर संचालित किए जाते हैं। इनमें एक काउंटर आभा आईडी और ऑनलाइन टोकन के लिए, दूसरा महिलाओं व बच्चों के लिए और तीसरा पुरुषों के लिए निर्धारित है, लेकिन पुरुष काउंटर का प्रिंटर बीते 20-25 दिनों से खराब है।
मरम्मत के लिए भेजे जाने के बाद भी यह अब तक वापस नहीं लौट सका है, जिससे कंप्यूटर आधारित पर्ची प्रक्रिया पूरी तरह बंद है। अस्पताल में प्रतिदिन मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। केवल आज ही 1072 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। ऐसे में हाथ से पर्चा बनाने की मजबूरी के कारण काउंटरों पर लंबी कतारें लग रही हैं और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ मरीजों का भी कीमती समय बर्बाद हो रहा है।इस संबंध में डॉ. राज सिंह ने बताया कि प्रिंटर में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे सुधरवाने के लिए भेजा गया है। यदि वह जल्द ठीक होकर नहीं आता है, तो अस्पताल प्रशासन द्वारा नया प्रिंटर खरीदने की तैयारी की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मरीजों को ऑनलाइन पर्ची की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


