खड़ंजे के विवाद में पथराव, वृद्ध की मौत
थाना क्षेत्र के ग्राम सकत में खड़ंजा निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई और फिर पथराव हो गया। पथराव के दौरान 70 वर्षीय वृद्ध पत्थर लगने से घायल...

थाना क्षेत्र के ग्राम सकत में खड़ंजा निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई और फिर पथराव हो गया। पथराव के दौरान 70 वर्षीय वृद्ध पत्थर लगने से घायल हो गए। परिजन वृद्ध को उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले गए। लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खबर पाकर पहुंची फर्रुखाबाद पुलिस ने शव कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। जानकारी पाकर एएसपी मैनपुरी मधुबन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सकत में मनरेगा से सुशांत के मकान से रामबाबू के मकान तक खड़ंजे का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए मिट्टी पड़ चुकी थी। नाली भी बन गई थी। लेकिन खड़ंजे की चौड़ाई को लेकर विवाद शुरू हो गया। रामबाबू तिवारी और किशन पाल के बीच चौड़ाई को लेकर विवाद हुआ। थोड़ी देर में दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान ईंट लगने से 70 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक किशनपाल घायल हो गए और गिर पड़े। परिजन उन्हें गंभीरावस्था में फर्रुखाबाद ले गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एएसपी ने गांव पहुंचकर ली घटना की जानकारी
बेवर। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी मधुबन कुमार थाना प्रभारी बेवर जसवीर सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एएसपी ने पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। रिटायर्ड शिक्षक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। एएसपी का कहना है कि खड़ंजा निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में पहले सहमति बन गई थी। लेकिन बाद में असहमति हो गई और विवाद हो गया। पथराव में घायल हुए वृद्ध की मौत हुई है।
वर्जन
घटना की जानकारी पाकर मैं मौके पर पहुंच गया था। पथराव के दौरान घायल वृद्ध ने दम तोड़ा है। इस संबंध में जो भी तहरीर दी जाएगी उस पर कार्रवाई होगी। फर्रुखाबाद पुलिस मृतक का पोस्टमार्टम करा रही है।
मधुबन कुमार एएसपी, मैनपुरी
