ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीसपा ने चौंकाया, मनोज यादव को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया

सपा ने चौंकाया, मनोज यादव को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया

पिछले कई दिनों से चल रही चुनावी कसरत के बाद गुरुवार को सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा ने भोगांव से चुनाव...

सपा ने चौंकाया, मनोज यादव को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीFri, 25 Jun 2021 04:21 AM
ऐप पर पढ़ें

पिछले कई दिनों से चल रही चुनावी कसरत के बाद गुरुवार को सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा ने भोगांव से चुनाव जीते मनोज यादव को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। मनोज यादव का नाम सपाईयों के लिए अप्रत्याशित रहा। सपा खेमे में सुजान और वंदना यादव में से किसी एक को टिकट मिलने की प्रबल संभावनाएं थी लेकिन मनोज यादव के नाम पर मुहर लगी तो सपा पक्ष के लोग ही नहीं बल्कि भाजपा में भी हैरानी नजर आई। भाजपा ने गुरुवार को भी अपने पत्ते नहीं खोले।

गुरुवार को सपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज यादव को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया। इस दौरान कार्यालय पहुंचे मनोज यादव का स्वागत भी किया गया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा, रामनरायन बाथम, टीपी यादव मामा, नृप चौधरी, मोहम्मद खालिद, कृष्णादास लोधी, गोपालदास लोधी आदि मौजूद रहे। सपा खेमा मनोज यादव के नाम को लेकर अचरज में नजर आया। मनोज यादव ने वार्ड 8 बेवर चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता है। इसी वार्ड से उन्होंने पहले भी चुनाव जीता था। मनोज के अलावा रघुराज, शिवी यादव, अवनीश यादव के नामों पर भी चर्चा की गई थी। सुजान और वंदना के बीच कड़ा मुकाबला था लेकिन सुजान पार्टी में नहीं थे, उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीता इसलिए उनका पक्ष हल्का पड़ गया। वहीं वंदना के नाम पर पार्टी में एक राय नहीं बन सकी।

इंसेट

भाजपा के प्रत्याशी पर लगी निगाहें

मैनपुरी। सपा का प्रत्याशी घोषित होने के बाद अब लोगों की निगाहें भाजपा प्रत्याशी पर टिकी हुई हैं। भाजपा खेमे में फिलहाल अर्चना भदौरिया का नाम नंबर वन पर चल रहा है। हालांकि पार्टी खेमे में दो अन्य गोपनीय नाम भी चर्चा में है। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि पार्टी नेतृत्व को नाम भेज दिए गए हैं। पार्टी नेतृत्व ही अंतिम फैसला करेगा। माना जा रहा है कि भाजपा ने अर्चना भदौरिया पर दांव लगाने की रणनीति बना ली है। लेकिन यह बात अलग है कि उनके नाम की घोषणा अब तक नहीं हुई है। सपा प्रत्याशी का नाम सामने आने के बाद आज भाजपा का प्रत्याशी घोषित हो जाएगा, ऐसा कहा जा रहा है। हालांकि नामांकन प्रक्रिया मैनपुरी में कल से शुरू हो रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें