ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीशिवपाल ने सपा की हार को लेकर अपनों के खिलाफ खोला मोर्चा

शिवपाल ने सपा की हार को लेकर अपनों के खिलाफ खोला मोर्चा

सोमवार को सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सपा नेतृत्व के खिलाफ फिर मोर्चा खोला। कहा कि यदि उन्हें जिम्मेदारी दी गई होती तो सपा की ये दुर्दशा नहीं होती। कुछ खास लोगों की वजह से सपा की...

शिवपाल ने सपा की हार को लेकर अपनों के खिलाफ खोला मोर्चा
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीMon, 04 Dec 2017 11:13 PM
ऐप पर पढ़ें

सोमवार को सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सपा नेतृत्व के खिलाफ फिर मोर्चा खोला। कहा कि यदि उन्हें जिम्मेदारी दी गई होती तो सपा की ये दुर्दशा नहीं होती। कुछ खास लोगों की वजह से सपा की दुर्दशा हो रही है। वर्ष 2003 में भी उन्होंने सरकार बनाई थी। 2012 में भी उनके नेता विरोधी दल रहते हुए चुनाव लड़ा गया और सपा की फिर सरकार बनी। शिवपाल पार्टी नेतृत्व से खासे आहत दिखे। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के साथ आगामी रणनीति पर भी चर्चा की।

सोमवार को पूर्व मंत्री सुभाषचंद्र यादव के आवास पर पहुंचे शिवपाल यादव ने कहा कि सपा नेतृत्व ने इस निकाय चुनाव में उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी। इसलिए सपा की जो हार हुई है इसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं है। उनके पास संगठन का कोई पद भी नहीं है। वे सिर्फ सपा के विधायक हैं। यदि उन्हें जिम्मेदारी दी गई होती तो सपा की हालत ये नहीं होती। शिवपाल ने अपनों पर निशाना साधा और कहा कि जिन लोगों की वजह से पार्टी की दुर्दशा हो रही है वे लोग बताएं कि आखिर निकाय चुनाव में सपा की हार क्यों हुई। पार्टी के अंदर चल रहे घमासान और घरेलू झगड़े के सवाल पर शिवपाल झल्ला गए और कहा कि इस मुद्दे को बार-बार सामने न लाया जाए।

शिवपाल ने कहा 2012 में उन्हीं के नेतृत्व में बनी सपा सरकार

मैनपुरी। शिवपाल ने निकाय चुनाव को लेकर अपनी भूमिका को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि उन्होंने इटावा में जिस प्रत्याशी को समर्थन दिया वे सारे प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी उनके नेतृत्व में वर्ष 2003 में सपा की सरकार बनी थी। 2012 में भी वे नेता विरोधी दल थे। लेकिन सपा की सरकार फिर बनी। उन्होंने दोहराया कि यदि 2019 के चुनाव में उन्हें कोई जिम्मेदारी दी गई तो सपा की हालत ये नहीं होती। उन्होंने बिना नाम लिए बड़ी ताकतों को भी कठघरे में खड़ा किया और कहा कि सपा की हार का सवाल जिम्मेदार लोगों से ही किया जाए। इस दौरान डीसीबी चेयरमैन रामकुमार यादव, पूर्व चेयरमैन अब्दुल नईम, नीरज यादव, राहुल यादव, रणवीर सिंह यादव, वसंत जैन, सनी यादव आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें