बुखार से डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत, मचा कोहराम
Mainpuri News - मैनपुरी। भीषण गर्मी में लोग बीमार पड़ रहे हैं। जिला अस्पताल के प्रत्येक कक्ष में मरीजों की भीड़ दोपहर 2 बजे तक बनी रही।

भीषण गर्मी में लोग बीमार पड़ रहे हैं। जिला अस्पताल के प्रत्येक कक्ष में मरीजों की भीड़ दोपहर 2 बजे तक बनी रही। रोजाना एक हजार से अधिक मरीज पंजीकरण कराकर उपचार ले रहे हैं। मंगलवार को भी लगभग एक हजार मरीजों ने उपचार लिया। वहीं बुखार से पीड़ित एक बच्चे की मौत हो गई। सांस से पीड़ित वृद्ध ने भी दम तोड़ दिया। लगातार भीषण गर्मी से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग अधिक बीमार पड़ रहे हैं। जनपद फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम पुठरी निवासी रामू का डेढ़ वर्षीय पुत्र लड्डू भोगांव के मोहल्ला चौधरी निवासी मोहन सिंह के घर रिश्तेदारी में आया हुआ था।
मंगलवार की सुबह उसकी तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल की इरमजेंसी में लेकर पहुंचे। जहां उसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। लड्डू की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लड्डू घर का इकलौता पुत्र था। बच्चे की मौत से मां का रो रोकर बुरा हाल था। वहीं नगर के हिन्दपुरम कालोनी निवासी 60 वर्षीय रघुवीर सिंह को सांस की बीमारी थी। मंगलवार की सुबह उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। जहां उन्हें भी चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल में 976 मरीजों ने उपचार लिया। इसमें बुखार, उल्टी, दस्त के मरीज अधिक थे। जिन्हें उपचार के साथ-साथ गर्मी से बचने की सलाह दी गई। सीएमएस डा. मदनलाल का कहना है कि गर्मी के चलते मरीजों की संख्या बढ़ी है। सभी मरीजों को उपचार के साथ-साथ ओआरएस घोल देने के निर्देश दिए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।