रेप पीड़िता के आरोपियों को बचा रही है बेवर पुलिस
Mainpuri News - मैनपुरी में एक युवती की रेप के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के परिजन और समाज के लोग आरोपी के घर बुलडोजर चलाने और सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।...

मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की रेप के बाद की गई हत्या का मामला शुक्रवार को और गरमा गया। इस मामले में पुलिस ने युवती की मौत होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया और जेल भी भेज दिया है लेकिन युवती के परिजन, ग्रामीण और समाज के लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी के घर बुलडोजर चलाया जाए। घटना में जो लोग सहयोगी हैं उनकी गिरफ्तारी हो। इस मामले में विभिन्न जिलों के लोग कलक्ट्रेट पर जमा हुए और हंगामा किया। लोगों ने एसपी कार्यालय में ताला डालने की धमकी सोशल मीडिया पर पहले ही दी थी, इसलिए कलक्ट्रेट को छावनी बना दिया गया।
कश्यप समाज संगठन की ओर से इस घटना को लेकर आवाह्न किया गया था कि 12 सितंबर को समाज के लोग कलक्ट्रेट पर जमा होंगे और एसपी कार्यालय में ताला डालेंगे। इसी के तहत बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पर आना शुरू हुए तो कलक्ट्रेट के दोनों गेटों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सीओसिटी संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई। झुंड के रूप में आ रहे लोगों से पुलिस कर्मियों की नोकझोंक भी शुरू हो गई। कलक्ट्रेट पर आने वाले लोगों को रोका गया तो मामला गरमा गया। इसके बाद कलक्ट्रेट आ रही भीड़ सड़क पर जाम न लगा दे इसलिए शहर कोतवाल फतेह बहादुर सिंह लोगों को पुलिस सुरक्षा में तिकोनिया पार्क में ले आए और यहीं समाज के लोगों ने सभा शुरू कर दी। रेप पीड़िता के परिवार के लोगों के साथ कलक्ट्रेट पर कई घंटे धरना दिया गया। इस दौरान एसपी सिटी अरुण कुमार, एसपी ग्रामीण राहुल मिठास भारी पुलिस बल के साथ तिकोनिया पार्क के आसपास माहौल पर नजर बनाए रहे। खालसा ने पीड़ित परिवार के लिए मांगे 25 लाख इस मामले में पिछले कई दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। समाज का संगठन चलाने वाले प्रदीप सिंह खालसा को पुलिस ने गांव में माहौल बिगाड़ने के आरोप में शांतिभंग में पाबंद कर जेल भेज दिया था। दो दिन पहले ही खालसा की जेल से रिहाई हुई इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी। उसने सोशल मीडिया एकाउंट पर एसपी कार्यालय पर ताला डालने की धमकी दी तो पुलिस सतर्क हो गई। एक दिन पहले पुलिस ने कुरावली क्षेत्र में उसकी तलाश में दबिश भी दी लेकिन वो नहीं मिला। शुक्रवार को वह घटनाक्रम के दौरान कई घंटों उसका इंतजार हुआ। पुलिस भी चाह रही थी कि जो भीड़ आयी है वह एसपी को ज्ञापन दे और मामला निपट जाए। बोले खालसा, क्षेत्रीय विधायक आरोपियों को बचा रहे बाद में धरना स्थल पर प्रदीप सिंह खालसा पहुंचे और कहा कि क्षेत्रीय विधायक आरोपियों को बचा रहे हैं। समाज की बेटी के लिए वे इंसाफ मांग रहे हैं। उन्हें एनएसए लगाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस के सहयोग से ब्राह्मण समाज के लोगों ने जाम लगाया और कार्रवाई उनके खिलाफ की गई। यहां सीएम के डुप्लीकेट देवरिया से आए अवधेश कुमार साहनी ने कहा कि मैनपुरी में महिला सांसद हैं सांसद का दल पीडीए की बात करता लेकिन कश्यप समाज की बेटी के परिवार को न्याय नहीं दिला रहा। रमाकांत कश्यप, प्रीती कश्यप, अरविंद आदिवासी, रामरतन कश्यप, सुघर सिंह, रणविजय सिंह, राजरानी, पृथ्वीराज, शत्रुघ्न पाल, राहुल कश्यप, सत्यनारायन, गौरव, संदीप, हिरदेश कश्यप, नदीम आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




