Mainpuri News: राखियों पर महंगाई, धागे वाली राखी बन रही पसंद
Mainpuri News: मैनपुरी। रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के राखी बाजार सजकर तैयार हो गए हैं।

Mainpuri News: रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के राखी बाजार सजकर तैयार हो गए हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की भरमार है। हालांकि इस बार राखियों के दामों में 10 से 20 फीसदी तक इजाफा हुआ है। महंगाई के बीच बहनें बजट के हिसाब से राखियों की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में इस बार धागे वाली राखियों का चलन एक बार फिर लौटता नजर आ रहा है। साधारण से लेकर आकर्षक डिजाइन वाली धागे की राखियां बहनों को पसंद आ रही हैं। वहीं चांदी की राखियों का क्रेज पिछले वर्षों की तुलना में कम दिखाई दे रहा है।
दुकानदारों के अनुसार चांदी की राखियों की कीमत अधिक होने के कारण इनकी खरीदारी के लिए औसतन कम लोग पहुंच रहे हैं। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के प्रत्येक तिराहे, चौराहे पर राखियों के बड़े स्टॉल सजाए गए हैं। सदर बाजार, बजाजा बाजार में भी दो दर्जन से अधिक राखियों की दुकानें सजी हुई हैं। राखियों की बिक्री भी शुरू हो गई है। दुकानदारों को पर्व से एक-दो दिन पहले बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों के साथ युवाओं के लिए फैंसी राखियां भी बहनों की पसंद बनी हुई हैं।


