
रेलवे विद्युत टावर स्थापना में बाधा पर एसडीएम को पत्र
Mainpuri News - भोगांव। कानपुर उत्तर मध्य रेलवे के उप मुख्य विद्युत अभियंता द्वारा एसडीएम भोगांव को पत्र भेजकर विद्युत टावर स्थापना में बाधा उत्पन्न कर रहे किसान को स
कानपुर उत्तर मध्य रेलवे के उप मुख्य विद्युत अभियंता द्वारा एसडीएम भोगांव को पत्र भेजकर विद्युत टावर स्थापना में बाधा उत्पन्न कर रहे किसान को समझाकर सहयोग की मांग की गई है। पत्र के आधार पर एसडीएम ने तहसीलदार एवं पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इससे पूर्व ग्राम खरा में भी एक किसान द्वारा टावर स्थापना में बाधा डाली गई थी, जिसे पुलिस की मदद से दूर कर कार्य पूर्ण कराया गया था। शिकोहाबाद से फर्रुखाबाद रेलवे लाइन पर भारत सरकार के रेलवे मंत्रालय द्वारा राष्ट्रहित एवं जनहित में 220 केवी रेलवे तीन फेज डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का कार्य कराया जा रहा है।
यह कार्य मैसर्स गायत्री गंगा कंस्ट्रक्शन प्रतापगढ़ द्वारा किया जा रहा है। भोगांव के ग्राम नगला पुती में टावर संख्या एपी-25 स्थापित किया जाना था। कार्यदायी संस्था की टीम जब मौके पर पहुंची तो गांव निवासी महेंद्र सिंह यादव द्वारा कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, जिससे टावर का कार्य रुक गया। कार्य रुकने की जानकारी परियोजना अधिकारी राजीव श्रीवास्तव के माध्यम से उप मुख्य विद्युत अभियंता उत्तर मध्य रेलवे को दी गई। अभियंता ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह रेलवे परियोजना प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा मॉनिटर की जा रही है और इसमें किसी भी प्रकार की बाधा राष्ट्रहित के कार्य को प्रभावित कर सकती है। एसडीएम संध्या शर्मा ने तहसीलदार गौरव कुमार को लेखपाल, कानूनगो व राजस्व टीम को कोतवाली भोगांव पुलिस के सहयोग से मौके पर भेजकर किसान को समझाने और टावर स्थापना में सहयोग दिलाने के निर्देश दिए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




