Mainpuri News: जन्माष्टमी पर अंधकार : गांवों को डिजिटल इंडिया से सीधे द्वापर युग में भेजा

हिन्दुस्तान, मैनपुरी
Follow us on Google News
share

Mainpuri News: जन्माष्टमी के अवसर पर यूपी में बिजली कटौती के कारण गांवों में अंधेरा छा गया। अधिकारियों ने बिजली की आपूर्ति को कम किया, जिससे भक्तों को भगवान कृष्ण के जन्म के समय अंधेरे में पूजा करनी पड़ी। ग्रामीणों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में पूजन किया और बिजली विभाग की स्थिति पर चुटकुले किए।

Mainpuri News: जन्माष्टमी पर अंधकार : गांवों को डिजिटल इंडिया से सीधे द्वापर युग में भेजा

Mainpuri News: जन्माष्टमी पर एक तरफ जहां शासन के सख्त निर्देश थे कि पूरे प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, वहीं यूपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के इंजीनियरों ने इस आदेश को अध्यात्म से जोड़कर एक अनोखा प्रयोग कर डाला। अधिकारियों ने शायद सोचा कि जब भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कंस की जेल के घने अंधकार में हुआ था, तो गांवों में चकाचौंध रखकर उस पौराणिक माहौल को क्यों बिगाड़ा जाए? नतीजतन, जन्माष्टमी की शाम 6 से देर रात 12 बजे तक कंट्रोल रूम से आपातकालीन कटौती का ऐसा सुदर्शन चक्र चला कि मैनपुरी के तमाम ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे के महासागर में डूब गए। रात के 12 बजते ही जहां मंदिरों और घरों में सोहर व भजनों की गूंज होनी चाहिए थी, वहां उपकेंद्रों पर फोन की घंटियां बजने लगीं। उपकेंद्रों से केवल एक ही सुरीला जवाब मिला कि पीछे यूपीएसएलडीसी से ही रोस्टिंग है, हम क्या करें? लड्डू गोपाल के पंचामृत स्नान से पहले ही भीषण गर्मी, उमस और मच्छरों के हमले के बीच भक्तों का पसीने से अभिषेक हो गया। ग्रामीणों ने चंदे से जो झांकियां सजाई थीं, वहां भक्तों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में कान्हा के दर्शन किए और बिजली विभाग की महिमा के गीत गाए। एक ग्रामीण ने चुटकी ली कि द्वापर में तो कंस के पहरेदार सो गए थे और आसमान में बिजली चमकी थी, पर कलयुग के ये बिजली-वीर रात भर जागकर केवल रोस्टिंग का बटन दबाते रहे।

कटौती का गणित : दो चरणों में थमीं सांसें

प्रथम चरण (शाम 6:30 से 11:30 बजे के बीच): जोत/नवीगंज, चौराईपुर, लेखराजपुर, मोटा, दन्नाहार, नगला जुला, शाहजहांपुर, उसनिधा, कुचेला, कांकन, लखौरा, अशोकपुर सोनई, ओंग, जागीर, तालदरवाजा, सुल्तानगंज, भोगांव देहात, मीठेपुर, असरोही, दिहुली कुर्रा, बुझिया, अंडनी, सिमरऊ और तखरऊ बिजली घरों में शाम 6:30 से 8:30 बजे और पुनः रात 10:15 से 11:30 बजे तक पूर्ण आपूर्ति ठप रही।

द्वितीय चरण (रात 7:55 से 12:30 बजे के बीच)

हन्नूखेड़ा, आलीपुरखेड़ा, अरसारा, शमशेरगंज, गढ़िया, बख्तपुर, औछा, ज्योति रोड ग्रामीण, सैदपुर बघौली, कोसमा, चंदीकरा, मंछना, पतारा और अरम सराय बिजली घरों से जुड़े क्षेत्रों में रात 7:55 से 9:55 बजे तथा जन्मोत्सव के ऐन वक्त रात 11:30 से 12:30 बजे तक अंधेरा छाया रहा।

आज सिविल लाइन उपकेंद्र से सप्लाई रहेगी बाधित

अधिशासी अभियंता (नगरीय खंड) अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि नवनिर्मित भोजपुरा बिजली घर की 33 केवी लाइन के शेष कार्य को पूर्ण करने के लिए सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत 6 सितंबर (रविवार) को सुबह 11:00 बजे से दोपहर एक बजे तक सिविल लाइन शहरी उपकेंद्र की 33 केवी लाइन का शटडाउन रहेगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे बिजली से जुड़े अपने आवश्यक कार्य सुबह 11 बजे से पूर्व निपटा लें।

सामान्य प्रश्न

✦जन्माष्टमी पर बिजली कटौती के कारण गांवों में क्या स्थिति थी?−
ग्राम क्षेत्रों में लोग अंधेरे के महासागर में डूब गए और भक्तों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में पूजा की।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsमैनपुरीMainpuri News: जन्माष्टमी पर अंधकार : गांवों को डिजिटल इंडिया से सीधे द्वापर युग में भेजा