Mainpuri News: बाइक सवारों से लिफ्ट लेना पड़ा भारी, 67000 किए पार
Mainpuri News: मैनपुरी के नगला रते गांव निवासी दिवारीलाल भैंस बेचकर घर लौट रहे थे। रास्ते में दो बाइक सवारों ने उन्हें गांव छोड़ने का झांसा देकर लिफ्ट दी। सीमेंट एजेंसी के पास उन्हें उतारकर आरोपी फरार हो गए। किसान की जेब से 67,500 रुपये गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है।

Mainpuri News: भैंस बेचकर घर लौट रहे किसान ने घर जाने के लिए बाइक सवारों से लिफ्ट मांग ली। किसान को छोड़ने के दौरान बाइक सवारों ने उसकी जेब काटकर 67500 रुपये लेकर निकाल लिए। थाने पहुंचे किसान की तहरीर पर दो बाइक सवारों के खिलाफ घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला रते निवासी दिवारीलाल पुत्र मास्टर सिंह ने पुलिस से शिकायत की कि 10 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे वह अपनी भैंस अचलपुर पशु मेला में बेचकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह सड़क पर पहुंचा वैसे ही दो बाइक सवार आए और उसे गांव तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया।
वह थोड़ी दूर सीमेंट एजेंसी के पास पहुंचा तभी उन लोगों ने उसे बाइक से उतार दिया और बाइक से भाग निकले। जब उसने जेब चेक की तो उसकी जेब से 67500 रुपये गायब थे। बाइक सवारों ने उसकी जेब काट ली थी। ये बाइक सवार औंछा बस स्टैंड की तरफ भाग निकले। यहां से वह मैनपुरी की तरफ चले गए। पुलिस ने घटना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस का कहना है कि फुटेज में बदमाशों का सुराग लगा है। जल्द उन्हें पकड़ा जाएगा और रुपये बरामद कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

