संगठन का परिसीमन बदल देगा मैनपुरी भाजपा का भूगोल
मैनपुरी में जल्द भाजपा का संगठन बदले रूप में नजर आएगा। पिछले दस दिनों से चल रहे परिसीमन के काम को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रत्येक विधानसभा में एक-एक नए मंडल बनाए जाएंगे। साथ ही बूथों को जोड़कर...
मैनपुरी में जल्द भाजपा का संगठन बदले रूप में नजर आएगा। पिछले दस दिनों से चल रहे परिसीमन के काम को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रत्येक विधानसभा में एक-एक नए मंडल बनाए जाएंगे। साथ ही बूथों को जोड़कर पट्टी केंद्रों का निर्माण होगा। इसके अलावा कुछ मंडलों के नाम बदलने का फैसला भी लिया गया है। आज किशनी विधानसभा की बैठक होगी। इसके बाद जिला परिसीमन समिति मंडलों, पट्टी केंद्रों और मंडलों के नाम परिवर्तन के फैसले पर मुहर लगा देगी।
मैनपुरी में भाजपा ने संगठन को बेहद प्रभावी बनाने के लिए कमर कस ली है। पार्टी 2022 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले मजबूत संगठन को अंतिम रूप देना चाहती है। पार्टी ने मंडलों का परिसीमन करने का काम लगभग पूरा कर लिया है। जिला परिसीमन समिति के बैनर तले जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायकों को इस काम में लगाया गया था। अब तक जो प्रक्रिया हुई है उसके तहत मैनपुरी में भाजपा संगठन के चार नए मंडल बनेंगे। मैनपुरी के भाजपा कार्यकर्ता नए परिसीमन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। मैनपुरी में नए परिसीमन के बाद 16 के स्थान पर 20 मंडल हो जाएंगे।
217 नए पट्टी केंद्रों का भी किया जाएगा गठन
मैनपुरी। मैनपुरी नगर पालिका को उत्तरी मैनपुरी और दक्षिणी मैनपुरी में बांटा गया है। मैनपुरी देहात मंडल के अलावा अब मैनपुरी में नौनेर मंडल भी अस्तित्व में आएगा। करहल में औंछा या मधन मंडल, किशनी में रामनगर मंडल, भोगांव में बिछवां मंडल बनेंगे। जिला परिसीमन समिति के अध्यक्ष रमा तिवारी के मुताबिक मैनपुरी देहात मंडल को नौनेर और कुचेला मंडल को पंचवटी मंडल का नाम देने की कार्रवाई भी पूरी हो गई है।
एक मंडल में अधिकतम 100 बूथ होंगे शामिल
मैनपुरी। भाजपा ने संगठन को लोकसभा क्षेत्र के 1731 बूथों में विभाजित किया है। फिलहाल पार्टी के 16 मंडल संचालित हैं। नए परिसीमन के तहत प्रत्येक मंडल में अधिकतम 100 बूथ शामिल होंगे। 70 से कम बूथ एक मंडल में नहीं होंगे। इसके तहत भोगांव, किशनी में 5-5 मंडल हो जाएंगे। इसके अलावा एक से आठ बूथ पर एक पट्टी केंद्र का गठन होगा। पट्टी केंद्र में पांच से कम और आठ से अधिक बूथ नहीं होंगे। पट्टी केंद्रों की भी मंडल की तरह कार्यकारिणी बनेगी।
परिसीमन की कार्रवाई लगभग पूरी हो गई है। जिला समिति परिसीमन को अंतिम रूप देगी। परिसीमन का अंतिम फैसला प्रदेश समिति द्वारा लिया जाएगा। मैनपुरी में भाजपा का संगठन बेहद मजबूत होगा।
रमा तिवारी, अध्यक्ष जिला परिसीमन समिति