
हाईवे को पार कर रहे तेंदुए की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
Mainpuri News - कानपुर-गाजियाबाद नेशनल हाईवे पर बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम जोगा मोड़ के निकट एक अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। तेंदुए का सिर गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और...
कानपुर गाजियाबाद नेशनल हाईवे पर बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम जोगा मोड़ के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। तेंदुए के सिर में टक्कर लगी। जिससे उसका सिर फट गया और वह वहीं गिर पड़ा। घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर सीओ वन विभाग और स्थानीय पुलिस भी मौके पर आ गई। वन विभाग की टीम तेंदुए को अपने साथ ले गई है। घटना शुक्रवार शाम 7:30 बजे की है। नेशनल हाईवे पर वेवर से नवीगंज के बीच जोगा मोड के निकट तेज रफ्तार वाहन की चपेट में सड़क पार कर रहा तेंदुआ आ गया।

जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि पास के ही गांव सराय मद्दू की तरफ से यह तेंदुआ नेशनल हाईवे को पार कर रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि तेंदुए के साथ एक दूसरा तेंदुआ भी था। जो सड़क पार करके भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के क्षेत्राधिकारी विपिन कुमार मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर डायल 112 पुलिस और स्थानीय पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी भी आ गए। जमा हुई भीड़ खींचने लगी फोटो घटनास्थल पर आसपास के गांव के बड़ी संख्या में लोग तेंदुए को देखने मौके पर पहुंच गए। मृत तेंदुए को देखकर भी लोगों में दहशत नजर आ रही थी। लोग सड़क पर पड़े तेंदुए के साथ फोटो खींच रहे थे और सेल्फी ले रहे थे। कुछ युवक तेंदुए के साथ रील भी बना रहे थे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी तेंदुए की हो चुकी मौत मैनपुरी में सड़क हादसे में पिछले 10 वर्षों में यह दूसरे तेंदुए की मौत है। 10 साल पहले 2015 में इटावा के चंबल क्षेत्र से एक तेंदुआ आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आ गया था और वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत भी हो गई थी। काली नदी के किनारे भोगांव, सुल्तानगंज के अलावा बेवर क्षेत्र के दर्जन गांवों में तेंदुए की दहशत पहले भी फैलती रही है। वन विभाग की टीम को भी इस संबंध में जानकारी दी गई वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में कई बार रेस्क्यू भी किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। 6 माह पहले भोगांव में देखा गया था तेंदुआ काली नदी मैनपुरी, फर्रुखाबाद एटा के बीच से होकर गुजरती है। माना जा रहा है यह तेंदुए फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी साइड से मैनपुरी की तरफ निकल आते हैं। 6 माह पहले बेवर और भोगांव क्षेत्र में भी ग्रामीणों ने तेंदुआ देखा था और वन विभाग को जानकारी दी थी। तेंदुए की तलाश की गई लेकिन वन विभाग की टीम उसे पकड़ नहीं पाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


