ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीवन चेतना केंद्र में फावड़ा, झाडू लेकर पहुंचे विधायक, अधिकारी

वन चेतना केंद्र में फावड़ा, झाडू लेकर पहुंचे विधायक, अधिकारी

मंगलवार को हिन्दुस्तान के बैनरतले जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी पहल की। कलक्ट्रेट स्थित वन चेतना केंद्र में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी श्रमदान करने पहुंचे। अधिकारियों ने पर्यावरण की...

वन चेतना केंद्र में फावड़ा, झाडू लेकर पहुंचे विधायक, अधिकारी
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीTue, 29 May 2018 11:56 PM
ऐप पर पढ़ें

हिन्दुस्तान के बैनर तले मंगलवार को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी पहल की। कलक्ट्रेट स्थित वन चेतना केंद्र में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी श्रमदान करने पहुंचे। अधिकारियों ने पर्यावरण की रक्षा और हरियाली के बीच स्वच्छता का संदेश दिया। विधायक, भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों ने वन चेतना केंद्र को विकसित करने का बीड़ा उठाया। दो घंटे चले सफाई अभियान में आधा वन चेतना केंद्र साफ हो गया।

कलक्ट्रेट स्थित वन चेतना केंद्र की बिगड़ी हुई हालत को सुधारने के लिए किशनी विधायक ब्रजेश कठेरिया ने हिन्दुस्तान की मुहिम का समर्थन किया और डीएम प्रदीप कुमार के साथ रणनीति तैयार की। डीएम प्रदीप कुमार, एसपी अजयशंकर राय और सारा प्रशासनिक अमला मंगलवार को सुबह 7 बजे वन चेतना केंद्र पहुंच गया था। नगर पालिका के ब्रांड एंबेसडर लक्ष्मण गुप्ता, अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह सफाई कर्मियों की टीम लेकर आ गए थे। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता के साथ पहुंचे एडीएम बीराम, बीएसए विजयप्रताप सिंह, डीएफओ सिद्धार्थ अंबेडकर, एआरटीओ राजेश कुमार कर्दम, एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. कौशलेंद्र सिंह, समाजसेविका आराधना गुप्ता ने अधिकारियों के साथ सफाई अभियान शुरू कर दिया।

हीरालाल संग भाजपा नेताओं ने भी किया श्रमदान

मैनपुरी। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने फावड़े और झाडू लेकर सफाई शुरू की। अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिस्ट हीरालाल यादव के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अनुराग पांडेय, प्रदीप चौहान, अनूप मिश्रा, सौरभ दुबे, पप्पे मिश्रा, एसडीएम सदर अशोक कुमार, एसडीएम भोगांव देवेंद्र सिंह, एसडीएम किशनी अशोक प्रताप सिंह के साथ लोनिवि, कलक्ट्रेट और विकास भवन के दर्जनों अधिकारियों, कर्मचारियों ने वन चेतना केंद्र परिसर में दो घंटे तक स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया।

खरगोश, मगरमच्छ, हिरन देखने आते थे लोग

मैनपुरी। वन चेतना केंद्र का महत्व यूं ही नहीं है। इसके निर्माण के समय इस केंद्र में हिरन, खरगोश, बत्तख थे। दरियाईघोड़े के लिए जाल बनाया गया था। मगरमच्छ के रहने के लिए पानी का घर विकसित हुआ। इसके अलावा तालाब में मछली की कई प्रजातियां संरक्षित की गईं। खास बात यह है कि पानी की व्यवस्था के लिए पवन चक्की आधारित ट्यूबवेल स्थापित हुआ। आने वाले लोगों के लिए एक केंटीन भी विकसित की गई। इतना सब होने के बाद भी अधिकारियों की उदासीनता ने इस चेतना केंद्र को चेतना शून्य कर दिया।

सफाई कर्मचारी चलाएंगे सौंदर्यीकरण अभियान

मैनपुरी। जिलाधिकारी प्रदीप कुमार ने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता जलनिगम ओमवीर दीक्षित से बात की और चेतना केंद्र में पानी की व्यवस्था के लिए हैंडपंपों और ट्यूबवेल का रीबोर कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने भरोसा दिलाया कि अगले दो-तीन दिनों में जिले के सफाई कर्मियों की टीमें चेतना केंद्र के सौंदर्यीकरण का अभियान चलाएंगी। इस अभियान के दौरान भी जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे।

पर्यावरण की रक्षा के लिए हरियाली का होना जरूरी होता है। पेड़ नहीं होंगे तो जीवन की कल्पना असंभव है। इसलिए पर्यावरण की रक्षा करें।

राजेश कर्दम एआरटीओ, मैनपुरी

हिन्दुस्तान की पहल सराहनीय है। वन चेतना केंद्र को विकसित करके शहर के लिए एक उचित स्थान तैयार किया जा सकता है।

कौशलेंद्र सिंह एआरटीओ प्रवर्तन

वन चेतना केंद्र बच्चों को ही नहीं बल्कि हर उम्र के लोगों के लिए लाभकारी होगा। यहां बच्चों के लिए पिकनिक स्थल विकसित होना चाहिए।

आराधना गुप्ता समाजसेविका

हिन्दुस्तान की पहल पर डीएम ने व्यक्तिगत पहल करके वन चेतना केंद्र को विकसित करने का संकल्प लिया है। यह पहल सराहनीय है।

प्रदीप चौहान भाजपा जिला उपाध्यक्ष

पार्कों का होना बहुत जरूरी है। इससे हरियाली के बीच रहने का मौका मिलता है। पेड़ पौधे, फूल, मन को आकर्षित करते हैं।

अजय शंकर राय एसपी, मैनपुरी

वन चेतना केंद्र के लिए कई बार डीएम से बात की। लेकिन इस बार माहौल बन गया। इसके विकास के लिए हर संभव मदद की जाएगी।

बृजेश कठेरिया विधायक किशनी

स्वच्छता और हरियाली भाजपा का संकल्प है। वन चेतना केंद्र का विकास कराने के लिए सरकार से पूरी मदद दिलाई जाएगी।

आलोक गुप्ता जिलाध्यक्ष भाजपा

जनपद के लोगों के लिए वन चेतना केंद्र का विकास कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसे हर हाल में खूबसूरत बनाया जाएगा।

प्रदीप कुमार डीएम मैनपुरी

वन चेतना केंद्र के स्वच्छ और व्यवस्थित करने के लिए पूरी कोशिश होगी। यह सराहनीय पहल है। हर संभव मदद की जाएगी।

विजय कुमार गुप्ता सीडीओ मैनपुरी

वन चेतना केंद्र में झूले आदि की व्यवस्था हो जाए। शिक्षा विभाग इसके विकास में विकास संभव यथा संभव सहयोग करने के लिए तैयार है।

विजय प्रताप सिंह बीएसए मैनपुरी

वन चेतना केंद्र को विकसित करने के लिए इसमें पौध रोपण कराया जाएगा। चेतना केंद्र के विकास के लिए पूरी कोशिश होगी।

सिद्धार्थ प्रभागी निदेशक वन विभाग मैनपुरी

स्वच्छता और पर्यावरण के लिए पार्कों में स्वच्छता का अभियान चलाया जाएगा। पार्कों की साफ सफाई कराई जाएगी।

लक्ष्मण गुप्ता ब्रांड एंबेसडर, मैनपुरी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें