दो बैंकों का था ऋण, परेशान होकर मजदूर ने लगा ली फांसी
Mainpuri News - मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला गुरबख्श में मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला गुरबख्श में मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह छह बजे घर से 500 मीटर दूर एक पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र का आरोप है कि उसके पिता पर दो बैंकों का ऋण था। ऋण अदा न होने पर बीते तीन दिन से बैंक के कर्मचारी लगातार घर आकर प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। नगला गुरुबख्श निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र कश्यप पुत्र रामभरोसे कश्यप मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
मंगलवार की सुबह छह बजे खेतों पर पेड़ पर फांसी लगा ली। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के पुत्र सुमित कुमार ने बताया कि उसके पिता ने बंधन बैंक और ग्रामीण बैंक से कर्ज लिया था। कर्ज की किस्तें बकाया होने के कारण बैंक कर्मचारी पिछले दो-तीन दिनों से उसके पिता को घर आकर प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना से आहत होकर उसके पिता ने फांसी लगा ली। बंधन बैंक से 90 हजार और ग्रामीण बैंक से 60 हजार रुपये का लोन लिया था। इन दोनों ही लोन की किश्तें वह नहीं भर पा रहा था। जिससे बैंक कर्मी गाली गलौज कर परेशान कर रहे थे। सुमित ने प्रताड़ित करने वाले बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


