ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीआईजी का घिरोर थाने पर छापा

आईजी का घिरोर थाने पर छापा

मंगलवार को मैनपुरी आए आईजी आगरा ए सतीश गणेश ने घिरोर थाने का निरीक्षण किया। जिले के नोडल अधिकारी बनाए गए आईजी आगरा को एक्सप्रेस-वे होकर करहल की सीमा से होकर मैनपुरी आना था। लेकिन उन्होंने रुट बदल...

आईजी का घिरोर थाने पर छापा
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीTue, 22 Oct 2019 11:08 PM
ऐप पर पढ़ें

मैनपुरी आए आईजी आगरा ए सतीश गणेश ने मंगलवार को घिरोर थाने का निरीक्षण किया। जिले के नोडल अधिकारी बनाए गए आईजी आगरा को एक्सप्रेस-वे होकर करहल की सीमा से होकर मैनपुरी आना था। लेकिन उन्होंने रूट बदल दिया और वह घिरोर की सीमा से होकर आए और सीधे थाने पहुंच गए। अचानक आईजी की प्लानिंग बदली और वे थाने पहुंचे तो थाने की पुलिस में हड़कंप मच गया। मगर थाने की व्यवस्थाओं को दुरुस्त देख आईजी ने पुलिस की पीठ भी थपथपा दी।

थाने पहुंचते ही आईजी ने थाना परिसर की सफाई व्यवस्था को चेक किया। इसके बाद वह सीधे थाने के कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने एक-एक कर थाने के विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर अपडेट मिले तो आईजी ने पुलिस के काम को सराहा। यहां उन्होंने थाना प्रभारी देवेंद्रनाथ मिश्रा से गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर सवाल भी किए और थाने के अपराधों की समीक्षा की। आईजी ने हत्या, दहेज हत्या, गैंगस्टर एक्ट, जुआं, अवैध शराब को लेकर विस्तार से जानकारी ली। शांति व्यवस्था में 475 लोगों को पाबंद किए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। घिरोर थाने में लूट और डकैती के मामले शून्य मिले तो उन्होंने थाना प्रभारी को बधाई दी। इस दौरान एसपी अजयशंकर राय, सीओ दद्दनप्रसाद भी मौजूद रहे।

तीन दिन में शहर के लोगों को मिलेगा जाम से छुटकारा

मैनपुरी। मंगलवार की देर रात आईजी आगरा ने नगर के मोहल्ला देवपुरा में शहरवासियों की चौपाल लगाई। लोगों को पुलिसिंग की जानकारी दी औऱ उनकी समस्याओं को जाना। व्यवस्था सुधार के लिए आईजी ने लोगों से सहयोग भी मांगा। लोगों की मांग पर शहर में जाम की समस्या से तीन दिन में छुटकारा दिलाने का भरोसा भी दिलाया।

चौपाल में मोहल्ला देवपुरा निवासी देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शहर की सबसे बड़ी समस्या जाम की है। इसकी वजह से लोगों को तिराहे, चौराहों पर घंटों जूझना पड़ता है। वाहन स्वामी अपने-अपने अपने वाहनों को तिराहे, चौराहे पर आड़ा तिरछा खड़ा करते हैं। जिससे जाम लगता है। उदय भान सिंह राठौर ने कहा स्टेशन रोड पर देवपुरा, हरी दर्शन नगर क्षेत्र में कोचिंग सेंटरों की संख्या अधिक है। जिससे गलियों में कोचिंग पर जाने वाले छात्र आए दिन झगड़ा फसाद करते हैं। कहा कि कोचिंग सेंटर संचालकों को निर्देश दिए जाए कि वह उनके यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के आई कार्ड बनवाएं।

रामप्रकाश सिंह चौहान ने आई जी को बताया कि एसपी के निर्देशन में मैनपुरी पुलिस अच्छा कार्य कर रही है। मैनपुरी पुलिस पर नगर के लोगों का भरोसा बढ़ा है। जाम को लेकर आईजी, एसपी ने यातायात प्रभारी देवेंद्र शंकर पांडे को निर्देश दिए कि तीन दिन के अंदर तिराहे, चौराहे अस्पताल गेट के सामने जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाई जाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें