Mainpuri News: अधूरे नाले व बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के बीच जर्जर हुआ एनएच-92
Mainpuri News: नेशनल हाईवे 92 (ग्वालियर-बरेली मार्ग) का निर्माण कार्य अधूरा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। किशनी में सड़क स्थान-स्थान पर क्षतिग्रस्त है और हादसे का खतरा है। स्थानीय लोगों ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है तथा टोल टैक्स वसूली को तत्काल रोकने की अपील की है।

Mainpuri News: नगर से गुजर रहे नेशनल हाईवे 92 (ग्वालियर-बरेली मार्ग) का निर्माण कार्य पूरा होने और उद्घाटन से पहले ही गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। बेवर से इटावा के बीच बन रहे इस हाईवे के जर्जर होने से आए दिन फर्रुखाबाद, इटावा, भिंड और ग्वालियर की ओर जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किशनी में शमशेरगंज पुलिया के पास हाईवे की सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे हादसे का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभी नाले का निर्माण अधूरा है और बिजली के खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटें भी नहीं जल रही हैं।
फिर भी इटावा सीमा पर चालकों से टोल टैक्स वसूलना शुरू कर दिया गया है। अधूरे व गुणवत्ताहीन निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। कस्बा निवासी विनोद गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि डैनी यादव, रामकिशोर पांडेय, रमाशंकर तिवारी, डॉ. केके यादव, राकेश शाक्य, सुरेंद्र यादव, अनिल दुबे, सुनील यादव, शैलेंद्र यादव, प्रमोद चौहान, नितिन गुप्ता, आदेश गुप्ता, प्रशांत तिवारी, सीबू यादव, अनुज तिवारी, अरुण मिश्रा, राहुल त्रिवेदी, रवि निराला, गौरव पांडेय आदि ने डीएम से शिकायत की है। उन्होंने कार्यदायी संस्था के खिलाफ जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करने तथा काम पूरा होने तक टोल टैक्स वसूली तुरंत बंद कराने की मांग की है।


