
शिक्षा ही नारी सशक्तिकरण का है सशक्त माध्यम
Mainpuri News - करहल के ग्राम खेड़ा बोझा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को पहला वार्षिकोत्सव समारोह मनाया गया। इस समारोह की थीम 'नारी शक्ति शिक्षा से सफलता तक' थी। सीडीओ नेहा बंधु ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी और मेधावी छात्राओं को पुरस्कार से सम्मानित किया।
करहल। क्षेत्र के ग्राम खेड़ा बोझा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को प्रथम वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। वार्षिकोत्सव की थीम नारी शक्ति शिक्षा से सफलता तक पर आधारित छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। समारोह का शुभारंभ सीडीओ नेहा बंधु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। समारोह की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुति के साथ हुआ। छात्राओं ने स्वागत नृत्य वो शक्ति है, सितारे ज़मीं पर गीत पर नृत्य, कविता पाठ तथा बालिका शिक्षा के महत्व पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। सीडीओ नेहा बंधु ने कहा कि शिक्षा ही नारी सशक्तिकरण का सबसे सशक्त माध्यम है।
यदि बालिकाएं आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ें तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की प्रशंसा की। इस दौरान मेधावी छात्राओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार, अनुशासन गौरव पुरस्कार, सर्वांगीण उत्कृष्टता पुरस्कार, वर्दी में गरिमा पुरस्कार तथा नियमित उपस्थिति पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे पहले प्रधानाचार्य अवनीश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. विक्रम सिंह, साधना सिंह, कालपी, बीके वर्मा, जिपं सदस्य लालू यादव, बैंक शाखा प्रबंधक रोहित कुमार, पूजा, जितेंद्र कुमार, शिक्षिका अर्चना यादव, स्वाति देवी, जयंती बघेल, सावित्री, अरवेश, आशीष आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




