निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता कतई मंजूर नहीं : डीएम
मैनपुरी में, डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने उच्च गुणवत्ता और समय पर परियोजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। परियोजनाओं की लागत ₹24 करोड़ है, जिसमें से ₹11.97 करोड़ अवमुक्त हो चुके हैं।

मैनपुरी। जनपद में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12) तथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में टाइप-04 के 24 आवासों का डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता, लापरवाही या मानकों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण और सतत मॉनिटरिंग कर तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं ताकि परियोजनाओं का लाभ समय पर आमजन और विद्यार्थियों को मिल सके। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड को तत्काल बाउंड्रीवाल का चिन्हांकन कराने और मिट्टी भराई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण सामग्री की समयबद्ध रूप से प्रयोगशाला में जांच कराने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि ₹24.07 करोड़ की इस परियोजना में से ₹11.97 करोड़ अवमुक्त हो चुके हैं, जिसमें से ₹2.40 करोड़ व्यय किए जा चुके हैं। वर्तमान में इसकी भौतिक प्रगति 12.16 प्रतिशत है। इसके बाद, डीएम ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में टाइप-04 के 24 आवासों के निर्माण कार्य की प्रगति जांची। 17.82 करोड़ लागत वाली इस परियोजना पर अब तक ₹14.09 करोड़ व्यय हो चुके हैं और लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। डीएम ने कहा कि धन की कमी के कारण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए और अवशेष धनराशि के लिए तत्काल पत्राचार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ नेहा बंधु, बीएसए सूर्यप्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरुण कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।


