गौ तस्करों ने कोबरा ड्यिूटी कर रहे होमगार्ड को मारी गोली
Mainpuri News - कोतवाली क्षेत्र की आगरा रोड स्थित नवीन मंडी के निकट अज्ञात बदमाशों ने कोबरा ड्यूटी कर रहे होमगार्ड को गोली मार दी। गोली टांग में लगी और वो गिर पड़ा। जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। घायल को जिला...

गौवंश के संरक्षण और गौतस्करों पर नकेल कसने को सूबे की योगी सरकार भले ही कितनी ही संजीदा हो, लेकिन गौतस्कों के हौसले फिर भी बुलंद हैं। शनिवार रात को कोतवाली क्षेत्र में नवीन मंडी के निकट मेटाडोर में गौवंश लाद रहे गौतस्करों ने टोकने पर कोबरा ड्यूटी कर रहे होमगार्ड को गोली मार दी और गौवंश को गाड़ी में लादकर ले गए। गौतस्करों के दुस्साहस की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी की कोशिश भी की, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। गंभीर हालत में घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात गौतस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घटना शनिवार रात 2 बजे करीब की है। औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम अचलपुर निवासी होमगार्ड उमाकांत यादव पुत्र साधू सिंह साथी सिपाही प्रेममोहन के साथ कोबरा ड्यूटी कर रहा था। नवीन मंडी के निकट एक मेटाडोर खड़ी थी। चार बदमाश मेटाडोर में गौवंश को लाद रहे थे। सिपाही और होमगार्ड ने बदमाशों को गौवंश लादने से रोका गौतस्करों ने सिपाही और होमगार्ड को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली होमगार्ड उमाकांत यादव की टांग में लग गई। वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। गोली मारने के बाद गौतस्कर गौवंश को मेटाडोर में लादकर ले गए।
हाथ मलती रह गई पुलिस, चकमा देकर भाग निकले गौतस्कर
मैनपुरी। गौतस्करों के जाने के बाद सिपाही ने वायरलैस सैट पर घटना का मैसेज वायरल किया तो पुलिस ने गौतस्करों की घेराबंदी शुरू कर दी। मेटाडोर सवार गौतस्कर देवी रोड पहुंचे तो पुलिस ने वहां घेरने को प्रयास किया, लेकिन गौतस्कर जिला अस्पताल होते हुए दीवानी रोड होकर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही एसपी अजय शंकर राय ने जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया। लेकिन गौतस्करों का कोई पता नहीं चला। घायल होमगार्ड के पास मौजूद सिपाही ने बताया कि बदमाश गौ तस्कर थे और वे अपने वाहन में गाय लाद रहे थे। होमगार्ड बाइक चला रहा था। उसने उन्हें टोका तो एक बदमाश ने सीधी गोली चला दी जो सीधी टांग में लगी। सीओ सिटी राकेश पांडेय का कहना है कि बदमाशों के संबंध में सुराग मिले हैं जल्द उन्हें पकड़ा जाएगा।
गौतस्करों के हौसले बुलंद
मैनपुरी। गौ तस्करों और बदमाशों के हौसले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। पांच दिन पूर्व सिरसागंज से भागे दो तस्करों ने एक दरोगा और दो सिपाहियों को अपनी गाड़ी में चढ़ते समय दौड़ा लिया। मैनपुरी पुलिस ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ा। एक बदमाश फायरिंग के दौरान गोली लगने से घायल भी हुआ था। तीन दिन पूर्व किशनी की रामनगर चौकी का दरोगा बदमाशों से हुई मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। किशनी में ही दो वर्ष पूर्व शातिर अपराधी ने दबिश के दौरान तत्कालीन दरोगा और पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया था। इसी दौरान घिरोर में भी दबिश के दौरान सिपाही को गोली मारी गई। एसओ पर भी फायरिंग हुई। वहीं इस मामले में एसपी अजय शंकर राय का कहना है कि गश्त के दौरान तस्करों ने होमगार्ड को गोली मारकर घायल कर दिया। सैफई मेडिकल कॉलेज में होमगार्ड का इलाज चल रहा है। तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज हो गया है। जल्द बदमाशों को पकड़ा जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


