ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीकोरोना पॉजिटिव एक वृद्धा की मौत, 13 पॉजिटिव मिले

कोरोना पॉजिटिव एक वृद्धा की मौत, 13 पॉजिटिव मिले

शुक्रवार को कोरोना से पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई जबकि गुरुवार को तीन कोरोना पीड़ितों ने दम तोड़ा था। कोरोना पॉजिटिव लोगों की मौतों की संख्या भले...

कोरोना पॉजिटिव एक वृद्धा की मौत, 13 पॉजिटिव मिले
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीSat, 22 May 2021 04:11 AM
ऐप पर पढ़ें

शुक्रवार को कोरोना से पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई जबकि गुरुवार को तीन कोरोना पीड़ितों ने दम तोड़ा था। कोरोना पॉजिटिव लोगों की मौतों की संख्या भले ही कम न हो रही हो लेकिन पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटने लगी है। जिस तेजी से मरीज घट रहे हैं उसी तेजी से मरने वालों की संख्या भी खत्म हो जाए ऐसा लोग अब चाहने लगे हैं। शुक्रवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर महज 13 पॉजिटिव मरीज ही पाए गए। इन मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आइसोलेट कर दिया गया है।

जिला अस्पताल के एल-2 वार्ड में भर्ती वृद्धा कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं। वृद्धा ने शुक्रवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। शहर के कंस का मैदान निवासी 66 वर्षीय शांति देवी पत्नी स्वर्गीय अंबिका प्रसाद कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। बीते 19 मई को जांच कराने पर वह कोविड संक्रमित पाई गईं। जिसपर उन्हें जिला चिकित्सालय स्थित लेवल टू वार्ड में भर्ती करा दिया गया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार की रात शांति देवी ने दम तोड़ दिया है। जनपद में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब तक 230 हो गई है। पिछले वर्ष कोरोना से 76 लोगों की जान गई थी। कोरोना से पॉजिटिव होने वालों का आंकड़ा भी दस हजार से पार कर गया है। सीएमओ डॉक्टर एके पांडेय का कहना है कि लोग धैर्य रखें, संक्रमण का संकट टला नहीं है, अभी घरों में रहें।

इंसेट

सिर्फ 13 पॉजिटिव, कराया आइसोलेट

मैनपुरी। कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद शुक्रवार का दिन जनपद के लिए सर्वाधिक राहत भरा रहा। शुक्रवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर कोरोना के सिर्फ 13 पॉजिटिव मरीज पाए गए। गुरुवार को जिले में 34 पॉजिटिव मिले थे। शुक्रवार को सिर्फ 13 पॉजिटिव मरीज मिले तो जनपद के लोगों ने राहत की सांस ली। स्वास्थ्य विभाग भी मरीजों की कम संख्या देखकर सुकून में दिखा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मरीजों की कम संख्या होने पर जनपद के लोगों से अपील की है कि लोगों ने प्रशासन का साथ दिया इसलिए मरीज घटे। लेकिन अभी धैर्य की जरूरत है, लोग गाइड लाइन का पालन करें और घरों के अंदर ही रहे।

शुक्रवार को बेवर में 17 वर्षीय महिला, बाजपुर में 70 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जागीर के ओंग में 68 वर्षीय वृद्ध और गपचरियापुर में 30 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। कस्बा करहल में 52 वर्षीय अधेड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गोलाबाजार के सिविल लाइन निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना का शिकार हो गए। ग्राम बागपुर में 50 वर्षीय महिला, मोहल्ला बागवान देवी रोड निवासी 28 वर्षीय युवक कोरोना का शिकार हुआ है। देवपुरा में 29 वर्षीय युवक, दन्नाहार में 60 वर्षीय वृद्ध, भूपतिपुर में 35 वर्षीय युवक, नगला हरीराम अजीतगंज में 60 वर्षीय वृद्ध, मोहल्ला पथरिया भोगांव में 65 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। जो नए मरीज मिले हैं उन्हें होम आइसोलेट करा दिया गया है। इनके संपर्क में आने वालों की सैंपलिंग कराई जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें