Mainpuri News: नवीगंज-श्यामपुर भटपुरा मार्ग पर गड्ढों का हुआ राज
Mainpuri News: लगातार हुई बारिश ने नवीगंज-श्यामपुर भटपुरा मार्ग को खतरनाक बना दिया है। गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और बाइक सवारों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क सुधार की गुहार लगाई है, जबकि मुख्यमंत्री ने सड़क की मरम्मत के आदेश दिए हैं।

Mainpuri News: लगातार हुई बारिश के चलते नवीगंज-श्यामपुर भटपुरा मार्ग बदहाल हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बाइक सवारों की हो रही है, जिन्हें रात के अंधेरे में गड्ढे दिखाई न देने से हादसों का शिकार होना पड़ रहा है। यह महत्वपूर्ण मार्ग श्यामपुर भटपुरा से लालपुर होते हुए कन्नौज के विशुनगढ़ क्षेत्र को जोड़ता है। रोजाना आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण खरीदारी और अन्य कामों के लिए इसी रास्ते से नवीगंज बाजार आते हैं। सड़क की जर्जर हालत से आक्रोशित विमल वैदिक, प्रबल चौहान, मोनू चौहान, अरविंद कुमार, विवेक शाक्य, विष्णु मिश्रा और राहुल सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मैनपुरी से सड़क सुधार की गुहार लगाई है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को तत्काल मरम्मत के निर्देश देने की मांग की है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का सर्वे कराकर तत्काल मरम्मत कराने और स्थाई नवीनीकरण के कड़े निर्देश दिए हैं।


