Mainpuri News: घरवालों की डांट से बचने के लिए युवक ने रच दी लूट की घटना
Mainpuri News: एलाऊ। थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बाइक लूट की सूचना ने पुलिस को चकरघिन्नी बना दिया। पीआरवी से लेकर थाना प्रभारी तक पुलिसकर्मी मौके पर दौड़े और लूट

Mainpuri News: थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बाइक लूट की सूचना ने पुलिस को चकरघिन्नी बना दिया। पीआरवी से लेकर थाना प्रभारी तक पुलिसकर्मी मौके पर दौड़े और लूट से जुड़ी घटना की जांच शुरू कर दी। घंटों की कवायद के बाद जब हकीकत सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई। थाना क्षेत्र के ग्राम औंग निवासी शीलेंद्र पुत्र राधेश्याम अत्यधिक शराब के नशे के कारण अजीतगंज बंबा के किनारे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गई और वह घायल हो गया। नशे के कारण अपनी मोटर साइकिल कहां गिरी है भूल गया। उसके बाद घरवालों की डांट से बचने के लिए शीलेंद्र ने बाइक लूटे जाने की कहानी गढ़ते हुए डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी कि दो अज्ञात लोगों ने उसकी मोटर साइकिल लूट ली है।
लूट की सूचना पर पुलिस ने जांच की। थाना प्रभारी अवनीश त्यागी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो लूट की कहानी की परतें खुलती चली गईं और झाड़ियों में पड़ी मोटर साइकिल बरामद कर ली गई। बाइक बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में पुलिस ने शीलेंद्र के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।

