ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मैनपुरीसीएम से संवाद की खबर मिली तो प्रधान दिनेश खुशी से भर उठे

सीएम से संवाद की खबर मिली तो प्रधान दिनेश खुशी से भर उठे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद होने की खबर मिली तो जनपद के सर्वाधिक पढ़े लिखे ग्राम प्रधान डा. दिनेश कुमार यादव की खुशी का ठिकाना न रहा। डिग्री...

सीएम से संवाद की खबर मिली तो प्रधान दिनेश खुशी से भर उठे
हिन्दुस्तान टीम,मैनपुरीSat, 29 May 2021 04:10 AM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद होने की खबर मिली तो जनपद के सर्वाधिक पढ़े लिखे ग्राम प्रधान डा. दिनेश कुमार यादव की खुशी का ठिकाना न रहा। डिग्री कॉलेज में बतौर प्राचार्य काम करने वाले दिनेश को पूरे गांव ने मिलकर प्रधान बनाया। ग्रामीणों की इच्छा थी कि इस बार गांव का प्रधान कोई पढ़ा लिखा व्यक्ति बने। हालांकि चुनाव में 12 प्रत्याशी थे लेकिन मुकाबला 6 प्रत्याशियों के बीच में हुआ। जिसमें दिनेश ने 195 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने गांव के ही अर्जुन सिंह की पत्नी सुशीला देवी को हराया। सुशीला को 367 तथा दिनेश को 562 वोट मिले।

मैनपुरी विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला गढू में नगला गढू के अलावा कमलपुर ग्राम आते हैं। मैनपुरी से कुरावली जाने वाले मार्ग पर ग्राम नानामऊ के निकट यह ग्राम पंचायत है। लगभग 3500 की आबादी वाली इस ग्राम पंचायत में 1849 मतदाता हैं। यादव बाहुल्य इस पंचायत में राठौर, जाटव, पाल, शर्मा, राजपूत तथा अन्य दलित जातियां निवास करती हैं। विकास के दृष्टिगत इस गांव की हालत बहुत ज्यादा अच्छी नहीं है। यही वजह थी कि ग्रामीणों ने गांव के प्रधान के रूप में किसी पढ़े-लिखे को चुनने का फैसला किया और दिनेश यादव को प्रधान बना दिया। दिनेश अनारक्षित सीट से प्रधान बने हैं।

ग्राम पंचायत को आदर्श बनाने का किया है वादा

मैनपुरी। चुनाव जीतने के बाद दिनेश यादव ने ग्राम पंचायत को आदर्श बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया है कि गांव में जल संरक्षण, पौधारोपण के अलावा साफ सफाई उनकी प्राथमिकता रहेगी। महिलाओं और युवाओं को रोजगारपरक परियोजनाओं से जोड़कर उनकी तरक्की की कोशिश होगी। समूह को प्रोत्साहन देने के अलावा गांव के लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास भी उनके द्वारा किया जाएगा। ग्रामीण दिनेश को प्रधान बनाने के बाद मानकर चल रहे हैं कि अगले 5 साल में इस गांव में मूलभूत सुविधाएं होंगी। सरकार से मिलने वाली सभी योजनाओं का ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

प्रधान और उनकी पत्नी दोनों ने की है पीएचडी

ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने केमिस्ट्री से एमएससी और पीएचडी की शिक्षा हासिल की है। बीएड भी उन्होंने किया है। वह इस समय कासगंज जनपद के कस्बा भरगेन स्थित डा. इस्लाम मजीद महाविद्यालय में बतौर प्राचार्य काम कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने गांव के निकट द्वारकाधीश महाविद्यालय खोल रखा है। इस महाविद्यालय में उनकी पत्नी प्राचार्या हैं। पत्नी ने भी एमएससी, पीएचडी जीव विज्ञान विषय से की है। उनकी बड़ी बेटी इंटर की पढ़ाई कर रही है। एक बेटी और एक बेटा नगर के सेंट थॉमस स्कूल में पढ़ रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें