'मैं हूं ना...', प्रतीक यादव के अस्थि विसर्जन में मासूम पद्मजा को संभालते भावुक हुए सांसद आदित्य यादव

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मासूम पद्मजा की रुलाई और उसके कार्ड ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखों में पानी ला दिया था। वहीं पद्मजा के बगल में मौजूद उसके चाचा सांसद आदित्य यादव भी मासूम पद्मजा का ये हाल देखकर भावुक हो गए। उन्होंने पद्मजा के सिर पर हाथ रखकर कहा, ‘रो मत बेटी, मैं हूं ना।’

'मैं हूं ना...', प्रतीक यादव के अस्थि विसर्जन में मासूम पद्मजा को संभालते भावुक हुए सांसद आदित्य यादव

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 13 मई को निधन हो गया था। 16 मई को हरिद्वार में प्रतीक के अस्थि विसर्जन के दौरान उनकी सात साल की मासूम बेटी पद्मजा के हाथों में एक रंग-बिरंगा कार्ड था जिस पर ‘I Love You Papa’ लिखा था और नीचे एक टूटा हुआ दिल बना था। पद्मजा की रुलाई और उसके कार्ड ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखों में पानी ला दिया था। वहीं पद्मजा के बगल में मौजूद उसके चाचा सांसद आदित्य यादव भी मासूम बेटी का ये हाल देखकर खुद को रोक नहीं पाए। आदित्य खुद भावुक हो गए। उन्होंने पद्मजा के सिर पर हाथ रखकर कहा, ‘रो मत बेटी, मैं हूं ना।’

हरिद्वार के हरकी पैड़ी के वीआईपी घाट पर 16 मई (शनिवार) को प्रतीक यादव के अस्थि विसर्जन के दौरान इस मार्मिक दृश्य ने हर किसी को शोक में डुबो दिया। पूरे कर्मकांड के दौरान पद्मजा ‘आई लव यू पापा’ लिखे उस कार्ड को सीने से लगाए रही। पद्मजा कभी गंगा की ओर टकटकी लगाए देखती तो कभी फूट-फूटकर रोने लगती। अंत में उसने कांपते हाथों से वह कार्ड भी गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया। यह मार्मिक दृश्य देखकर घाट पर मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।

वहीं प्रतीक यादव की पत्नी और पद्मजा की मां अपर्णा यादव भी खुद गहरे दुख में थीं। फिर भी अपने गमों पर काबू करते हुए वह बार-बार अपनी बेटी को संभालने का प्रयास करती रहीं। बड़ी बहन प्रथमा भी चुपचाप खड़ी रहकर पद्मजा को ढांढस बंधाती दिखी। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के बीच पूरे घाट पर शोक और संवेदना का माहौल छाया रहा। इस भावुक क्षण ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को अंदर तक झकझोर दिया। एक मासूम बेटी का अपने पिता से हमेशा के लिए बिछड़ने का गम जिसने भी देखा, महसूस किया वो शायद उम्र भर उसे भुला नहीं पाएगा।

आदित्य की उंगली थामे रही पद्मजा

प्रतीक के अस्थि विसर्जन के दिन का एक और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है जिसमें मासूम पद्मजा अपने चाचा आदित्य यादव की उंगली थामे, उनसे बातें करती हुई हरिद्वार के वीआईपी घाट पर जा रही है। इस दौरान आदित्य के साथ समाजवादी पार्टी के कई अन्य नेता और समर्थक भी हैं। प्रतीक यादव के अस्थि विसर्जन के दौरान आदित्य यादव के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों में तेज प्रताप यादव, अक्षय यादव और प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।