Maharajganj News: तीन साल से नहीं मिला मानदेय, सामुदायिक शौचालय बंद
Maharajganj News: महराजगंज की ग्राम पंचायत पकड़ी चौबे में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह ने सामुदायिक शौचालय के संचालन के लिए तीन वर्षों से मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की है। समूह की मुखिया बच्ची देवी के नेतृत्व में इन्होंने बीडीओ से मुलाकात कर बकाया भुगतान की मांग की, जिससे शौचालय का संचालन प्रभावित हुआ है।
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। ग्राम पंचायत पकड़ी चौबे में सामुदायिक शौचालय के संचालन और साफ-सफाई की जिम्मेदारी संभाल रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को तीन वर्ष से मानदेय नहीं मिला है। इसको लेकर मंगलवार को जय मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह की मुखिया बच्ची देवी के नेतृत्व में सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी से मुलाकात कर बकाया भुगतान कराने की मांग की।समूह की महिलाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत स्थित सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई और देखरेख का कार्य उनके समूह द्वारा किया जाता रहा है। इसके एवज में समूह को छह हजार रुपये मानदेय तथा साफ-सफाई से संबंधित खर्चों के लिए तीन हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान बताया गया है।
लेकिन वर्ष 2022-23 से उनका मानदेय लंबित है और अब तक भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान के लिए ग्राम प्रधान से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण समूह की सदस्यों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मानदेय और संबंधित खर्चों का भुगतान नहीं होने से सामुदायिक शौचालय का नियमित संचालन भी प्रभावित हुआ है। समूह की महिलाओं ने बीडीओ से मामले की जांच कराकर नियमानुसार बकाया भुगतान कराने तथा सामुदायिक शौचालय का संचालन दोबारा सुचारु कराने की मांग की है।


