आईजीआरएस निस्तारण के दौरान लेखपाल पर जानलेवा हमला, केस दर्ज
Maharajganj News - महराजगंज के निचलौल तहसील कार्यालय में एक लेखपाल पर एक व्यक्ति ने जानलेवा हमला किया। लेखपाल अर्पित पटेल ने पुलिस को बताया कि युवक ने गाली देते हुए सरकारी कागजात फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम निचलौल तहसील कार्यालय में आईजीआरएस निस्तारण के दौरान एक लेखपाल पर एक शख्स ने जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई तहरीर में लेखपाल अर्पित पटेल निवासी ग्राम पिपरा कल्याण थाना सिन्दुरिया ने बताया है कि वह निचलौल तहसील के क्षेत्र संख्या 16 में तैनात है। वह आईजीआरएस सेल में बैठकर आईजीआरएस के मामले का निस्तारण कर रहा था। इस बीच ग्राम सिरौली निवासी एक शख्स आया और उसे गाली देते हुए घर का फोटो खींचे जाने पर एतराज करते हुए जानलेवा हमला कर मारने-पीटने लगा।
लेखपाल का आरोप है कि युवक ने सरकारी कागजात फाड़ दिया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया। लेखपाल ने शोर मचाया तो तहसील के अन्य कर्मचारी जुट गए। उसके बाद वह जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। एसओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर दुर्गेश निवासी ग्राम सिरौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


