बिजली कटौती से आजिज लोगों का फूटा गुस्सा, पावर हाउस पर धरना
Maharajganj News - महराजगंज में बिजली संकट के खिलाफ ओबरी के ग्रामीणों ने शनिवार रात प्रदर्शन किया। फाल्ट और अघोषित कटौती से नाराज लोग विद्युत उपकेन्द्र पहुंचे और विभागीय जिम्मेदारों पर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी...
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। बिजली संकट को लेकर नगर पंचायत चौक के ओबरी के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार की रात फाल्ट व अघोषित विद्युत कटौती से नाराज लोग नारेबाजी करते हुए चौक स्थित विद्युत उपकेन्द्र पहुंच गए। यहां जमकर नारेबाजी करते हुए विभागीय जिम्मेदारों पर आरोपों की झड़ी लगा दी। बिजली की आपूर्ति सही कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर वृहद आंदोलन तय है। ग्रामीणों का कहना रहा कि प्राथमिक विद्यालय के करीब बिजली तार टूटकर गिरा और शिकायत करने के बाद भी चंदा लगाना पड़ा। यहां फाल्ट हमेशा हो रहा है और लोग परेशान हो रहे हैं।

जर्जर तार किसी व्यक्ति या पशु पर गिरने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती होती रहती है। इससे भीषण गर्मी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लंबे समय तक बिजली न रहने से घरेलू कार्य, बच्चों की पढ़ाई और व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण पंखे व मशीनें नहीं चल पा रही हैं, जिससे कारोबार को नुकसान हो रहा है। पढ़ाई कर रहे बच्चों की बिजली कटौती से ऑनलाइन कक्षाएं और पढ़ाई का समय प्रभावित हो रही है। वहीं, महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित कटौती पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो नगर पंचायत के लोग बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान नागेंद्र राव, दिग्विजय, गोरख यादव, सुधीर जायसवाल, अच्छेलाल यादव, सूरज राव, राजन गौड़, सत्यपाल राव, अमरजीत यादव, विशाल राव, बॉबी सहानी, फूला, लीलावती, सावित्री सहित तमाम नगरवासी मौजूद रहे। इस संबंध में अवर अभियंता गुलाब चन्द्र ने कहा कि तार को ठीक करा विद्युत आपूर्ति करा दी गई है। व्यवस्था में सुधार करने की पूरी कोशिश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




