ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश महाराजगंजमहराजगंज में दिव्यांग मासूम नाती को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल

महराजगंज में दिव्यांग मासूम नाती को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल

हिन्दुस्तान टीम, महराजगंज महराजगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनरा गांव में मूक दिव्यांग मासूम...

महराजगंज में दिव्यांग मासूम नाती को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल
हिन्दुस्तान टीम,महाराजगंजFri, 09 Sep 2022 05:51 PM
ऐप पर पढ़ें

हिन्दुस्तान टीम, महराजगंज

महराजगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनरा गांव में मूक दिव्यांग मासूम बच्चे को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मासूम बच्चे को पीटने वाली बुजुर्ग महिला उसकी दादी बताई जा रही है। मामला जानकारी में आने के बाद कोतवाली के हल्का दारोगा व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल कर वापस लौट आए।

जिस दिव्यांग बच्चे को पीटने का वीडियो वायरल हुआ है, उसका पिता मानसिक बीमार बताया जा रहा है। बच्चे को उसकी मां छोड़कर चली गई है। बुजुर्ग दादी ही उसकी देखभाल करती है। घटना को लेकर बताया जा रहा है बच्चा घर के बगल में स्थित पानी के गड्ढे में खेलते हुए चला गया। पानी में घुस वह खेल रहा था। इसी दौरान उसकी दादी की नजर बच्चे पर पड़ी। उसे पानी में ही पीटने लगी। पैर से भी मारते हुए नजर आ रही है, जिससे बच्चा पानी में गिर जा रहा है। फिर उसे पानी से निकाल घर लाई। एक लकड़ी के फट्टे से गुस्से में बच्चे को बुरी तरह मारने-पीटने लगी। बच्चा रोते हुए बचने की कोशिश करता दिख रहा है लेकिन क्रोधित महिला कोई रहम नहीं कर रही थी। किसी ने पूरे घटना क्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस के मुताबिक बच्चे की देखभाल उसकी दादी पर ही निर्भर है। बच्चे की मां उसे छोड़ कर चली गई है। पिता मानसिक रूप से विक्षिप्त है। बच्चा भी बोल व सुन नहीं सकता है। वह आए दिन इधर उधर खेलते हुए निकल जाता है। उसे ढूंढने में दादी परेशान रहती है। बच्चे की फिक्र वही करती है। मारने-पीटने का मकसद यह था कि बच्चे में डर रहे। वह इधर उधर ना जाए। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्ग महिला को समझाया। महिला के ऊपर कार्रवाई को लेकर पुलिस इस लिए असमंजस की स्थिति में है कि कार्रवाई होने के बाद बच्चे की देखभाल कौन करेगा। लेकिन पुलिस घटना को नजरंदाज करने के मूड में भी नहीं है।

कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। बुजुर्ग महिला को कड़ाई से समझा दिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। प्रकरण में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना क्षम्य नहीं है। बीट पुलिस अधिकारी को निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। बच्चे की नानी को बुलाया गया है। उसी की तहरीर पर केस दर्ज करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें