
शिक्षक समायोजन में उठे सवाल, डीएम तक पहुंचा मामला
Maharajganj News - महराजगंज में शिक्षक समायोजन में नियमों की अनदेखी का मुद्दा उठ रहा है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने डीएम से मुलाकात कर आरोप लगाया कि समायोजन में वरिष्ठता और कनिष्ठता का ध्यान नहीं रखा गया। डीएम ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है, और सीडीओ को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। परिषदीय विद्यालयों पर शिक्षक समायोजन में नियमों की अनदेखी करने का मुद्दा जोर पकड़ने लगा है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधि मंडल डीएम व सीडीओ से मिला। आरोप लगाया कि समायोजन में एकरूपता, वरिष्ठता, कनिष्ठता आदि का ध्यान नहीं दिया गया है। डीएम ने इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। सीडीओ को मामले की जांच सौंपी गई है। संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला मंत्री सत्येन्द मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह, संयुक्त मंत्री अखिलेश् पाठक समेत ब्लाकों के अध्यक्ष व मंत्री ने डीएम से मुलाकात की। ज्ञापन देकर समायोजन में मनमानी करने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की।
बताया कि शिक्षा का अधिकार कानून के नियमों के विपरित शिक्षकों को सरप्लस किया गया है। समायोजन में एकरूपता नहीं बरती गई है, कहीं वरिष्ठ को तो कहीं कनिष्ठ को समायोजित कर दिया गया है। इसके साथ ही सरप्लस शिक्षकों से बिना विकल्प लिए ही समायोजित कर दिया गया है। इसके अलावा समायोजन दो में मर्ज हुए विद्यालयों से अध्यापकों को हटा दिया गया है अब पुन: मर्ज तीन में मर्ज विद्यालयों में अध्यापकों को भेजा जा रहा है। वहीं अध्यापिकाओं को सुदूर जंगल में स्थित वनटांगिया विद्यालयों पर समायोजित कर दिया गया है। डीएम ने सीडीओ को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद शिक्षक प्रतिनिधि मंडल सीडीओ के पास पहुंचे और वहां भी पत्रक देकर समायोजन में हुई गड़बड़ी के बारे में सीडीओ को बताया। इस दौरान नौतनवा अध्यक्ष राघवेंद्र पांडेय, घनश्याम त्रिपाठी, विजय यादव, मनौवर अली, मनोज कुमार वर्मा, चंद्रभूषण पटेल, धन्नू चौहान, विजय कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




