Maharajganj News: महिला को नहर में छलांग लगाते देख दो छात्रों ने बचाई जान
Maharajganj News: महराजगंज के निचलौल-सिसवा मार्ग पर, एक महिला ने नारायणी नहर में छलांग लगा दी। दो छात्रों, कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन, ने तुरंत बिना किसी डर के नहर में कूदकर महिला को बचाया। कॉलेज के प्रधानाचार्य ने छात्रों के साहस की सराहना की और उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल- सिसवा मार्ग पर नारायणी नहर के सात पांच पुल से एक महिला ने शुक्रवार को नहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में कूदते देखकर मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के दो छात्रों ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। दोनों छात्रों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम जहदा निवासिनी तकरीबन 30 वर्षीय एक महिला किसी कारण से निचलौल से सटे नारायणी नहर के सात पांच पुल पर पहुंची थी, जहां कुछ देर खड़े रहने के बाद उसने नहर में छलांग लगा दी।
इस बीच वहां से गुजर रहे मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा दस के छात्र कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल ने महिला को डूबते देखा। दोनों ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और महिला की जान बचाने में जुट गए। छात्रों के प्रयास से महिला की जान बच गई।मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर प्रवीण पुलिंथनाथ को जब अपने कॉलेज के छात्रों के साहस की जानकारी हुई तो उन्होंने गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने मानवता और साहस की मिसाल पेश की है। प्रधानाचार्य ने दोनों छात्रों को विद्यालय की असेंबली में सम्मानित करने की घोषणा की। छात्रों के साहस की क्षेत्र में सराहना के साथ चर्चा हो रही है। एसओ योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि इस घटना के बारे में किसी ने सूचना नहीं दी है। इसका पता लगाया जा रहा है।


