
दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, दूसरा रेफर
Maharajganj News - महराजगंज में शनिवार शाम को बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। मृतक दीपांशु शर्मा अपने बड़े भाई की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने गए थे। दूसरे युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना के समीप निचलौल रोड पर शनिवार की शाम दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही इसकी मौत हो चुकी है। दूसरे युवक की हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृत युवक के परिजन व पड़ोसी जिला अस्पताल पहुंच हंगामा शुरू कर दिए। मौके पर पहुंचे सीओ ने स्थिति को सामान्य कराकर गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज रवाना कराया।
महराजगंज शहर के बैकुंठपुर निवासी दीपांशु शर्मा (20) पुत्र स्व. वीरेन्द्र शर्मा अपने बड़े भाई अनुज शर्मा की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने के लिए पुरैना की तरफ गया था। घर लौटते समय शनिवार की शाम को पुरैना के समीप निचलौल रोड पर दूसरे बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में दीपांशु व दूसरे बाइक पर सवार श्यामबदन (28) पुत्र राजकुमार निवासी पुरैना थाना घुघली गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। दीपांशु के परिजन व वार्ड के लोग भी जिला अस्पताल पहुंचे। हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ सदर जयप्रकाश तिवारी व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को सामान्य किया। डॉक्टरों ने दूसरे घायल युवक की हालत नाजुक देख उसको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दीपांशु दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत से परिजन बदहवास हो गए थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




