महराजगंज में जर्जर मकान गिरा, मलबे में दबकर सात गंभीर
Maharajganj News - महराजगंज के टेढ़ी गंगापुर में एक बड़ा हादसा हुआ, जब जर्जर मकान अचानक गिर गया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक बच्ची, तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों ने...
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेढ़ी गंगापुर में बुधवार को सुबह दस बजे के करीब एक बड़ा हादसा हो गया। खाना खा रहे परिजनों पर कटरैन का जर्जर मकान गिर गया। मलबे में दबकर सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। घायलों में एक बच्ची, तीन महिलाएं व तीन पुरुष शामिल हैं। लक्ष्मीपुर ब्लाक के जंगल में स्थित ग्राम पंचायत टेढ़ी गंगापुर में महेंद्र के परिजन करीब 10 बजे दिन में कटरैन के घर में एक साथ बैठे थे।

इसी बीच अचानक पूरा मकान भरभराकर उनके उपर ही गिर गया। इस हादसे में पूरे परिवार के सात लोग दब गए। चारो तरफ चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। आनन-फानन में सभी को मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घर के मुखिया महेंद्र ने बताया कि बरसात हो रही थी और परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी बीच अचानक पूरे मकान की दीवार और कटरैन उनके उपर ही गिर गया। इस हादसे में शांति देवी (50), सुनीता पत्नी महेंद्र (30), विनय (14), अनुष्का (6), मीरा (38), जनक राज (55) एवं महेंद्र (35) गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से सीएचसी लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सक डॉ. जैनेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। महेंद्र को छोड़ कर बाकी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहंचे नौतनवा के नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, लेखपाल मनोज पाल ने घटना स्थल का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि शासनादेश के मुताबिक नियमानुसार पीड़ितों को अहेतुक सहयोग दिलाया जाएगा। वे सीएचसी भी पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम जाना। थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय मयफोर्स मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




