करंट से झुलसे मजदूर की 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत
Maharajganj News - महराजगंज में मजदूर रमन चौहान की करंट लगने से 13 दिन बाद मौत हो गई। वह परसौनी गांव में छज्जे की मरम्मत कर रहे थे, तभी करंट की चपेट में आ गए। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार में मातम छा गया है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा खोस्टा टोला परागपुर निवासी मजदूर रमन चौहान की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। करंट से झुलसा वह बीते 13 दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रमन चौहान 13 दिन पूर्व शुक्रवार को परसौनी गांव में एक मकान में छज्जे की मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और मकान मालिक ने एंबुलेंस बुलाकर घायल रमन चौहान को इलाज के लिए मिठौरा (जगदौर) अस्पताल पहुंचाया।
वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान रमन चौहान ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। पत्नी उर्मिला, पुत्र मुकेश, विवेक तथा पुत्री काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामला जानकारी में है। शव घर पहुंचते ही नम हुईं सबकी आंखें, कोहराम करंट से झुलसे मजदूर रमन चौहान की इलाज के दौरान मौत के बाद जब मंगलवार शाम उनका शव घर पहुंचा तो गांव का माहौल गमगीन हो गया। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


