Maharajganj News: बिजली पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत
Maharajganj News: महराजगंज जिले के मधुबनी गांव में एक सड़क हादसे में बाइक सवार केशव यादव की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक बिजली पोल से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। केशव पंजाब में मजदूरी करता था और हाल ही में घर लौटा था।
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गैस गोदाम के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल टूटकर गिर गया और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे सीएचसी मिठौरा (जगदौर) पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि हरपुर खुर्द निवासी केशव यादव (34) शुक्रवार को किसी काम से घुघली थाना क्षेत्र के अहिरौली स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। वह मधुबनी गांव में गैस गोदाम के पास पहुंचा था कि अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पर चौक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल केशव को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच करते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता श्रीकांत यादव, मां कौशल्या, चाची मीरा और भाभी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्नी ममता अपने पति की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई है.
पंजाब में मजदूरी करता था केशव
परिजनों के मुताबिक केशव अपनी पत्नी ममता के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी करता था। वह हाल ही में घर लौटा था। चार भाइयों में तीसरे नंबर का केशव परिवार का सहारा था। उसके बड़े भाई बबलू और ओमप्रकाश तथा छोटा भाई चंद्रकिशोर है। करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी ममता से हुई थी। अभी उसके कोई संतान नहीं थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।


