सड़क हादसे में स्वर्ण व्यवसायी की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
Maharajganj News - महराजगंज में निचलौल-सिसवा मार्ग पर एक स्वर्ण व्यवसायी लालबहादुर वर्मा की बाइक को अज्ञात वाहन ने ठोकर मारी। हादसे में लालबहादुर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लालबहादुर को मृत घोषित कर दिया गया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल-सिसवा मार्ग पर सोमवार की रात में निचलौल कस्बा निवासी एक स्वर्ण व्यवसायी की बाइक में बूढ़ाडीह गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया। इस हादसे में स्वर्ण व्यवसायी लालबहादुर वर्मा (58) निवासी महाशय वार्ड निचलौल की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी रानी वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई। निचलौल कस्बा निवासी लालबहादुर की मेन मार्केट में आभूषण की दुकान है। वे सिसवा में किसी नजदीकी व्यक्ति के यहां मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए पत्नी को साथ लेकर बाइक से गए थे। उधर से वापस आते समय ग्राम बूढ़ाडीह के खाद गोदाम के सामने एक अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक में ठोकर मार दिया।
इस हादसे में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस की सहायता से निचलौल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लाल बहादुर को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया मृतक लाल बहादुर वर्मा अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी घायल हो गयी। मृतक लाल बहादुर वर्मा के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। शव को सील करके मोर्चरी हाउस भिजवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ठोकर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है अभी तक कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है। चार भाइयों में सबसे छोटे थे लालबहादुर सिसवा मार्ग पर निचलौल कस्बा निवासी लालबहादुर की सड़क हादसे में मौत हुई है। उनकी पत्नी की भी हालत गंभीर है। वे चार भाइयों में सबसे छोटे थे। आभूषण की दुकान से परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी कर चुके हैं। उनका बेटा सूरत गुजरात में रहकर नौकरी करता है। घटना की सूचना पाकर उनका बेटा भी सूरत से चल दिया है और रास्ते में है। उनकी मौत की जानकारी मिलते ही निचलौल कस्बे में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके बड़े भाई श्रीनिवास वर्मा, अशोक वर्मा, हरिओम वर्मा, भतीजा भोला वर्मा, दीपक वर्मा आदि का बुरा हाल हो गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




