मिल में काम कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत, हाईवे जाम
गड़ौरा चीनी मिल में मजदूरी करते समय एक युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। लोगों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। गड़ौरा चीनी मिल परिसर में मजदूरी करने के दौरान एक युवक को हादसे का शिकार हो गया। संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से गिरने से यह 24 वर्षीय युवक बुरी तरह घायल हो गया। निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। मिल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लोग कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। देर रात पहुंचे अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को मनाया। निचलौल के महाशय वार्ड का रहने वाला 24 वर्षीय मजदूर आकाश चौरसिया जेएचवी शुगर मिल में मजदूरी कर रहा था।
बताया जा रहा है कि आकाश पिछले कई दिनों से मिल परिसर में कटरैन शेड लगाने का काम कर रहा था। गुरुवार को वह मिल में करीब 45 फिट ऊंचाई पर काम कर रहा था कि तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद मजदूरों ने आनन-फानन में इसकी सूचना मिल प्रशासन को दी। परिजनों का आरोप है कि मिल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और घायल मजदूर को केवल निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली。
शव रख लगाया जान, सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
वहीं, सीएचसी पर डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए आकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शव रख लगाया जान, सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
इस हादसे के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में नाराज लोग मिल के बाहर जुट गए। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मिल प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा लापरवाही का आरोप लगाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही ठूठीबारी और निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार निचलौल पियूष जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये सहायता दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


