
नेपाल से अवैध तरीके से भारत में प्रवेश पर थाई महिला समेत तीन गिरफ्तार
संक्षेप: Maharajganj News - भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी ने थाईलैंड मूल की महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग नेपाल से बिना वैध इमीग्रेशन के भारत में दाखिल हो रहे थे। महिला के पास थाई पासपोर्ट था, लेकिन उसने...
सोनौली/महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भारत-नेपाल सीमा पर गुरुवार को पुलिस और 66वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने थाईलैंड मूल की महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग नेपाल से बिना डिपार्चर कराए अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल हो रहे थे। भारतीय इमीग्रेशन में भी विदेशी महिला ने प्रविष्टि दर्ज नहीं कराई थी। विदेशी विषयक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर सोनौली पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय चालान कर दिया। पुलिस कार्यालय के मीडिया सेल के अनुसार गुरुवार की सुबह 5.10 बजे सूचना मिली कि एक विदेशी महिला गोरखपुर नंबर के वाहन से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर सोनौली से गोरखपुर की ओर जा रही है।
कम्पनी कमांडर निरीक्षक सामान्य कुमार पवन के नेतृत्व में एसएसबी की टीम ग्राम महुअवा के पास एनएच-24 पर पहुंची। संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में एक विदेशी महिला सहित तीन व्यक्ति सवार थे। महिला ने पहचान पत्र के रूप में थाईलैंड का पासपोर्ट दिखाया, जिसके मुताबिक उसका नाम सुपारपोन (43) है। कैलाश नाम के शख्स ने वाहन का किया था इंतजाम सुरक्षा और जांच एजेंसियों की पूछताछ में पता चला कि महिला ने नेपाल से बिना वैध इमीग्रेशन प्रक्रिया के भारत में प्रवेश किया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे कैलाश यादव नामक व्यक्ति ने बुलाया था और उसी ने वाहन की व्यवस्था की थी, जिसे इदु उर्फ वसीम अहमद चला रहा था। कैलाश यादव परसामलिक थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव और इदु उर्फ वसीम अहम कोल्हुई थानाक्षेत्र के खरहरवा गांव का रहने वाला है। थाई मुद्रा और यूएई का दिरहम बरामद जांच के दौरान विदेशी महिला के बैग से ₹16,770 नकद थाई मुद्रा, यूएई दिरहम, एक हजार का एक पुराना नोट, एक मोबाइल बरामद हुआ। कैलाश यादव और वाहन चालक के पास से बरामद मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर सोनौली कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया। कोट अवैध घुसपैठ पर एसएसबी की टीम ने थाईलैंड की महिला के अलावा उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर सोनौली पुलिस को सुपुर्द किया है। थाईलैंड की महिला का पासपोर्ट व वीजा वैध है, लेकिन उसने नेपाल में बिना डिपार्चर कराए भारतीय सीमा में प्रवेश किया। भारतीय क्षेत्र के इमीग्रेशन में अपनी प्रविष्टि दर्ज नहीं कराई। बिना सूचना दिए ही मददगारों के साथ भारत आ रही थी। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर न्यायालय चालान किया गया है। सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




