हजारों कर्मचारियों की होली रहेगी फीकी

Mar 02, 2026 10:44 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share

Maharajganj News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में इस बार हजारों कर्मचारियों की होली फीकी

हजारों कर्मचारियों की होली रहेगी फीकी

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में इस बार हजारों कर्मचारियों की होली फीकी रहेगी। वेतन का प्रारूप बना कर शासन में भेज दिया गया गया है, लेकिन शासन से अभी तक वेतन नहीं आया है। सोमवार को वेतन आ गया तो ठीक है नहीं तो लोगों का होली का रंग फीका ही रहेगा। स्वास्थ्य विभाग में साढ़े सात सौ एनएचएम के संविदा कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों को वेतन के लिए मानदेय बना कर शासन में भेज दिया गया है। शासन से इस बात का आश्वासन दिया गया था कि संविदा कर्मचारियों का मानदेय समय से भेज दिया जाएगा। अभी तक कर्मचारियों का मानदेय नहीं आया है।

इसी के साथ आउट सोर्सिंग वाले कर्मचारी भी मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। रोजगार सेवक भी पांच माह से मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। ये कर्मचारी भी मानदेय के लिए शासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामानुज कनौजिया ने बताया कि संविदा कर्मचारियों को मानदेय के लिए बजट बना कर शासन में भेज दिया गया है। ट्रेजरी से जल्द ही वेतन जारी कर दिया जाएगा। पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों को भी नहीं मिला मानदेय ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों की होली इस बार फीकी पड़ गई है। त्योहार से पहले वेतन न मिलने से कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। ग्राम पंचायतों में कार्यरत ये कर्मचारी मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं का संचालन, श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करना, भुगतान प्रक्रिया में सहयोग और अभिलेख संधारण जैसे महत्वपूर्ण कार्य नियमित रूप से करते हैं। इसके बावजूद, त्योहार जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर वेतन का भुगतान न होना उनके लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है। बेलहर रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार राय ने बताया, हम लोगों का मानदेय नहीं आया है। परिवार होली पर खरीदारी कैसे करे? रोजगार सेवक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। पंचायत सहायक साधना, शर्मिला और उमेश सहित अन्य कर्मचारियों का कहना है कि सरकार द्वारा होली पर मानदेय न दिए जाने से उनके बच्चों की होली फीकी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि कम मानदेय में काम करना और वह भी समय पर न मिलना बहुत मुश्किल होता है। कर्मचारियों का कहना है कि होली जैसे बड़े पर्व पर परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की जरूरतों और सामाजिक दायित्वों को पूरा करने के लिए मानदेय का समय पर मिलना अत्यंत आवश्यक है। मानदेय लंबित रहने से उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि पहले भी मानदेय भुगतान में देरी होती रही है, लेकिन त्योहार पर ऐसा होना निराशाजनक है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।