ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश महाराजगंजएक फोटो सेशन से गरमाई महराजगंज की सियासत

एक फोटो सेशन से गरमाई महराजगंज की सियासत

महराजगंज। नवीन विषेन रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक फोटो ने महराजगंज की...

एक फोटो सेशन से गरमाई महराजगंज की सियासत
हिन्दुस्तान टीम,महाराजगंजTue, 15 Jun 2021 04:21 AM
ऐप पर पढ़ें

महराजगंज। नवीन विषेन

रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक फोटो ने महराजगंज की सियासत को गरमा दिया है। इसके पीछे सियासी माहौल को गरमाने की मंशा रही है या नहीं? यह तो दिगर बात है, लेकन यह जरूर है कि चुनावी घोषणा होने से पहले ही महराजगंज में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर शह-मात का खेल शुरू हो चुका है। बीते 9 जून को सपा ने जहां अपना पत्ता खोलते हुए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की घोषणा की और दो दर्जन सदस्यों के साथ होने का दावा किया। वहीं, खुद भाजपा से जुड़े लोगों की ओर से फेसबुक व सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर एक फोटो पोस्ट किया गया जिसमें दो दर्जन से अधिक (27 सदस्य होने के दावे) जिला पंचायत सदस्य होने का दावा किया जा रहा है। बकायदा बैठकर व पीछे खड़े होकर फोटो सेशन कराया गया है। महराजगंज में भाजपा की ताकत दिखाने की पूरी कोशिश की गई है।

47 सदस्यों वाली महराजगंज जिला पंचायत में यूं तो सात ही सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी विजई हुए हैं, लेकिन जिला पंचायत के गठन से लेकर अब तक के चुनावी इतिहास यही बताते हैं कि सांसद पंकज चौधरी का धड़ा ही काबिज रहा है। विपक्ष भी इसी को लेकर हमलावर रहता है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद सांसद के कब्जे में है। लेकिन महराजगंज के चुनावी जानकारों का कहना है कि चुनाव शुरू होने से पहले से ही इसकी बिसात बिछ जाती है। पार्टी फोरम से अलग भी लोग चुनाव लड़ते हैं और चुनाव जीतने के बाद भाजपा के खेमे में खुले मन से आ जाते हैं। 2015 के चुनाव में इसका पक्का प्रमाण भी मिला था। सपा की सरकार थी और कुशीनगर के कद्दावर तत्कालीन राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह महराजगंज में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए डेरा भी डाले थे। भाजपा के पास बहुमत भर के अपने सदस्य नहीं थे, लेकिन जीत भाजपा समर्थित प्रभुदयाल की हुई थी।

पूरे दमखम से इस बार भी सामने है सपा

इस बार के चुनाव में भी सपा पूरे दमखम के साथ भाजपा के सामने है। 9 जून को जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने दुर्गा प्रसाद यादव को अध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित कर दिया। सपा सूत्रों का कहना है कि हाईकमान के पास दो दर्जन सदस्यों का नाम भेज दिया गया है। इसके साथ दूसरे खेमे में सेंधमारी की कोशिशें हो रही हैं।

वेट एंड वॉच के बाद भाजपाई आने लगे सामने

सपा के पत्ते खोलने के बाद भाजपाइयों ने वेट एंड वॉच का फार्मूला अपनाया। बाद में रविवार को अचानक सदस्यों के बड़े समूह का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर सियासी माहौल को ही गरम कर दिया।

सपा पूरी दमदारी से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेगी। हमारे संपर्क में सदस्य लगातार आ रहे हैं। दावे कुछ भी किए जाएं, लेकिन चुनाव हमारे पक्ष में होगा।

आमिर हुसैन, जिलाध्यक्ष-सपा

पार्टी हाईकमान के पास सूची भेज दी गई है। अध्यक्ष पद का प्रत्याशी पार्टी की ओर से तय होगा। सदस्य हमारे संपर्क में हैं। चुनाव इस बार भी भाजपा जीतेगी।

परदेशी रविदास, जिलाध्यक्ष-भाजपा

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें