Maharajganj News: शिक्षक की गोद में ही पलता है राष्ट्र का भविष्य
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। रोटरी क्लब महराजगंज की तरफ से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। रोटरी क्लब महराजगंज की तरफ से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन कर शिक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें वीरेंद्र नाथ मिश्र, कृष्ण बिहारी पाठक, नरेन्द्र नाथ सिंह, गुलाब चंद पटेल, शंकर शरण सिंह, नंद किशोर त्रिपाठी, वीरेंद्र पांडेय व शिक्षा जगत से दशरथ गुप्ता, सद्दाम हुसैन, पंकज मौर्या, इशरत जावेद फारूकी को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।अध्यक्ष एडवोकेट हमीदुल्लाह खान ने कहा कि शिक्षक कोई सामान्य व्यक्ति नहीं हैं, वह दिव्य शिल्पी हैं, जो अपने तप, त्याग और ज्ञान के आलोक से एक शून्य बालक को राष्ट्र का गौरव बनाते हैं।
शिक्षक की गोद में ही राष्ट्र का भविष्य पलता है। संस्थापक अध्यक्ष विन्ध्यवासिनी सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब महराजगंज वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य कर रहा है। गुरुजनों त्याग, निष्ठा और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा पुंज है। सचिव आत्माराम गुप्त ने कहा कि अभावों और विषमताओं के बीच भी ज्ञान की ज्योति प्रज्ज्वलित रखने वाले शिक्षकों के लिए यह सम्मान बहुत छोटा है। उनका जीवन दर्शन आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार मौर्य ने किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष डॉ. सलीम खान, अजय अग्रहरी, दुर्गेश अग्रहरी, डॉ. मनोज मद्धेशिया, रवि गोयनका, महेंद्र प्रताप सिंह, विनोद गुप्ता, क्षेत्रीय सचिव देवेश कुमार पांडेय, श्याम बिहारी गुप्त, मोहम्मद सैफुल्लाह, डॉ. एसजेड आबेदीन व दीवानी कचहरी बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

