शिवपुर रेंज में नारायणी नदी के पास साधु घाट पर मिला टाइगर का पदचिह्न
Maharajganj News - महराजगंज के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग में एक किशोरी गुड्डी की जंगली जानवर द्वारा हत्या कर दी गई। उसका शव जंगल में मिला था। घटना के बाद से वन विभाग की टीम जंगली जानवर की तलाश में जुटी है। गुरुवार को नारायणी नदी के किनारे एक बाघ के पदचिह्न मिले हैं, जिससे बाघ की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के शिवपुर रेंज के बकुलहिया जंगल में बीते शुक्रवार की शाम को खेत की तरफ गई सोहगीबरवां निवासिनी किशोरी गुड्डी पुत्री उमेश को जंगली जानवर ने हमला कर मार डाला था। उसका शव क्षत-विक्षत अवस्था में जंगल में मिला था। घटना के बाद जंगली जानवर की खोजबीन के लिए वनकर्मियों की टीम लगातार गश्त करती रही। इस बीच गुरुवार को नारायणी नदी के किनारे बिहार के टाइगर का पदचिह्न मिला है। शुक्रवार की घटना के बाद से ही जंगली जानवर की तलाश के लिए वन विभाग की टीम द्वारा लगातार गश्त की जा रही थी।
सोहगीबरवा और आसपास के टोलों में लोगों को जंगली जानवर से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। शिवपुर रेंज के वन दारोगा रामफेर ने बताया कि जंगली जानवर के हमले से एक किशोरी की पिछले दिनों मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही जंगली जानवर की खोजबीन के लिए टीम बनाकर दिन रात गश्त की जा रही थी। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के शिवपुर रेंज के जंगल, बिहार के बाल्मीकि टाइगर रिजर्व और नेपाल का चितवन जंगल आपस में जुड़े हुए हैं। इसके चलते जंगली जानवर रास्ता भटककर इधर से उधर आते-जाते रहते हैं। वन दरोगा ने बताया कि गुरुवार को बिहार की तरफ से टाइगर रास्ता भटककर सोहगीबरवा की तरफ आ गया था। उसका पदचिह्न शिवपुर रेंज के क्षेत्र में नारायणी नदी के किनारे साधु घाट के पास मिला है। टाइगर नारायणी नदी में पानी पीने आया था। उन्होंने बताया कि पद चिन्ह मिलने से यह पुष्ट हो रहा है कि बिहार की तरफ से टाइगर की आवाजाही सोहगीबरवा और आसपास के गांवों की तरफ हो रही है। ऐसे में ग्रामीणों को इससे बचाव के लिए सतर्क किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




