शिक्षकों की भी होली फीकी रहने के आसार
Maharajganj News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में माध्यमिक व बेसिक शिक्षकों की भी होली

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में माध्यमिक व बेसिक शिक्षकों की भी होली फीकी रहने के आसार बन गए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद रविवार की शाम तक शिक्षकों का वेतन नहीं मिल पाया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ व प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायन गुट के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी आरोप लगाया है कि कोषागार के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद होली महापर्व से पूर्व शिक्षक-शिक्षणत्तेर कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। जिसको लेकर शिक्षक से क्षेत्र कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
श्री द्विवेदी ने कहा कि सोमवार को कोषागार खोलकर शिक्षकों के वेतन का भुगतान किया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा, शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने भी होली से पूर्व अर्थात 28 फ़रवरी को वेतन भुगतान करने का निर्देश जारी किया है किंतु लापरवाही के कारण वेतन भुगतान नहीं हो पाया है। वहीं जिला विद्यालय शिक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि सभी 34 माध्यमिक विद्यालयों का वेतन बिल कोषागार भेज दिया गया है। कोषागार तकनीकी खामियों के कारण वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। कोषागार द्वारा की गई आदेशों की अनदेखी माध्यमिक शिक्षा संघ के अध्यक्ष हरि बख्श सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा होली पर्व से पूर्व सभी अध्यापकों एवं कर्मचारियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, किन्तु कोषागार द्वारा इन आदेशों की अनदेखी करते हुए अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि समय से वेतन न मिलने के कारण जनपद भर के अध्यापकों एवं कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पूर्व वेतन न मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वेतन न मिलने से बेसिक शिक्षकों में भी आक्रोश जिले के बेसिक शिक्षकों को भी रविवार की शाम तक वेतन नहीं मिल पाया है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की अध्यक्ष अम्बिका देवी यादव ने शिक्षकों का वेतन न मिलने पर नाराजगी जताई है। उन्हों ने कहा कि होली के लगातार अवकाश के कारण 28 को वेतन जारी करने के निर्देश के बाद भी अभी तक वेतन नहीं आया। इससे शिक्षकों की होली फीकी रहने के आसार हैं। वेतन न मिलने से शिक्षकों में काफी रोष है। उन्होंने वेतन जारी करने की मांग की। ताकि शिक्षक परिजनों के साथ अच्छे से होली मना सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



