Maharajganj News: पराली जलाने पर रोक के लिए प्रशासन ने कसी कमर
Maharajganj News: -कंबाइन हार्वेस्टर मालिकों को सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगाना अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी कार्रवाईधान की कटाई के बाद फसल अवशेष जलाने से होने वाले प्र

Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता। खरीफ-2026 में धान की कटाई के बाद फसल अवशेष जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और शासन के निर्देश पर बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों और कंबाइन हार्वेस्टर मालिकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने फसल कटाई के दौरान पराली प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कंबाइन हार्वेस्टर प्रबंधन
सीडीओ ने कहा कि धान की कटाई के दौरान कोई कंबाइन हार्वेस्टर बिना सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रॉ रीपर, स्ट्रॉ रेक या बेलर के चलती पाई जाती है तो तत्काल सीज की कार्रवाई की जाएगी। कंबाइन मालिक के स्वयं के खर्च पर सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगवाने के बाद ही उसे छोड़ा जाएगा। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से कार्रवाई सुनिश्चित करें। सीबीजी प्लांट द्वारा पराली क्रय किए जाने के संबंध में कंपनी के प्रतिनिधि को किसानों को जानकारी देने को कहा गया। कंबाइन हार्वेस्टर पर जुर्माना लगाए जाने और प्रवर्तन की कार्रवाई के बारे में भी किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक संजीव कुमार ने कहा कि कंबाइन हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम अथवा स्ट्रॉ रीपर, स्ट्रॉ रेक एवं बेलर या अन्य फसल अवशेष प्रबंधन यंत्र का प्रयोग अनिवार्य होगा।
पौधरोपण की समीक्षा बैठक
जिला पौधरोपण एवं गंगा समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पौधरोपण, पौधों की जीवितिता, आर्द्र भूमि संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने विभाग से रोपित पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के बाद पौधों को बचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए नियमित निगरानी, सिंचाई और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एडिसन सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, डिप्टी सीवीओ डॉ. विनोद विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

