सीमा पर तस्करी नाकाम, 37 बोरी विदेशी मक्का बरामद
Maharajganj News - भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया। सूचना के आधार पर तैनात जवानों ने 37 बोरी विदेशी मक्का बरामद की, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। बरामद मक्का का कुल वजन लगभग 1850 किलोग्राम है। सामान को कस्टम कार्यालय को सुपुर्द किया गया है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की सतर्कता से एक बार फिर तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। विशेष नाका के दौरान जवानों ने सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में विदेशी मक्का बरामद किया, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।एसएसबी की असिस्टेंट कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि रात करीब दो बजे सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 505 के आसपास से नेपाल की ओर से अवैध सामान भारत में लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर माता मंदिर के पास पुलिया मार्ग पर तुर्कहिया गांव की दिशा में जाने वाले रास्ते पर विशेष नाका दल का गठन कर जवानों को तैनात किया गया।
करीब 2.45 बजे जब नाका पार्टी पुलिया के पास पहुंची तो देखा कि एक बाइक और कई साइकिलों पर कुछ लोग बोरियों में सामान लेकर भारत की ओर आ रहे थे। जवानों ने उनको रोकने का संकेत दिया, लेकिन तस्कर अचानक बाइक और साइकिल घुमाकर भागने लगे। एसएसबी जवानों ने उनका पीछा किया, मगर घना अंधेरा होने के कारण वे सामान, साइकिल और बाइक छोड़कर फरार होने में सफल रहे। इसके बाद मौके की तलाशी लेने पर एक बाइक, 10 साइकिल और 37 बोरी विदेशी मक्का बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी लगभग 50 किलोग्राम की बताई जा रही है, जिससे कुल करीब 1850 किलोग्राम मक्का जब्त किया गया। बरामद सामान का जब्ती पंचनामा तैयार कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए ठूठीबारी कस्टम कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


